नई दिल्ली: देशभर में मंगलवार को कई बड़ी आपराधिक घटनाएं सामने आईं, जिनमें दिल्ली में गोलीबारी, उत्तर प्रदेश में हत्या और झारखंड में दिल दहला देने वाले ट्रिपल मर्डर जैसे मामले शामिल हैं। अलग-अलग राज्यों में हुई इन घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
दिल्ली में गोलीबारी की दो बड़ी घटनाएं
- खजूरी खास इलाके में अज्ञात बदमाशों ने गोलियां मारकर एक युवक की हत्या कर दी। मृतक की पहचान राजा मेवाती उर्फ अक्की उर्फ आकिब के रूप में हुई है। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। खजूरी खास थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बदमाशों ने करीब 8 राउंड गोलियां चलाई, तीन गोलियां युवक को लगी। जान गंवाने वाले युवक पर भी कई आपराधिक केस दर्ज थे। पुलिस ने बताया कि मंगलवार रात सूचना मिली कि खजूरी खास में एक युवक को गोलियां मारी गई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आशंका है रंजिश में हत्या को अंजाम दिया गया है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं।
- वहीं, दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में मंगलवार शाम एक 12वीं कक्षा के 17 वर्षीय छात्र को गोली मारने की वारदात सामने आई है। गंभीर रूप से घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस मामले में तीन संदिग्ध हमलावरों की तलाश कर रही है। शुरुआती जांच में पुलिस रंजिश और छात्र के साथ मौजूद लड़की के साथ कथित अभद्र व्यवहार समेत कई एंगल पर जांच कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घायल छात्र और उसके साथ मौजूद लड़की दोनों 12वीं कक्षा में पढ़ते हैं। मंगलवार शाम दोनों अमर कॉलोनी इलाके में एक चाट की दुकान पर पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और विवाद के बाद छात्र पर गोली चला दी। सूत्रों के मुताबिक, गोली छात्र के सिर में लगी, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
उत्तर प्रदेश में हत्या और हिंसा के मामले

- अलीगढ़ में 1700 रुपये के विवाद को लेकर एक ऑटो चालक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत बीमारी की वजह से हुई है। मामले की जांच जारी है।
- संभल जिले के नखासा थाना क्षेत्र में तीन दिन से लापता युवक का शव खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती आशंका हत्या की जताई जा रही है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- वहीं, बागपत में सड़क पर साइड नहीं देने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि कार सवार युवकों ने एक ट्रक चालक की बेरहमी से पिटाई कर दी।
झारखंड में दिल दहला देने वाले हत्याकांड
- जमशेदपुर में सामने आए ट्रिपल मर्डर केस ने सभी को झकझोर दिया। आरोप है कि एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी, बेटे और गर्भवती बेटी की निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ जारी है।
- इसके अलावा लोहरदगा जिले में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक संदीप उरांव ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर अपने पिता और पत्नी की हत्या कर दी। इस हमले में उसकी तीन साल की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका इलाज चल रहा है।
देशभर में सामने आई इन घटनाओं ने एक बार फिर अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस सभी मामलों में जांच आगे बढ़ा रही है।