‘डॉन 3’ पर संकट गहराया! रणवीर सिंह के बाहर होने के बाद कौन बनेगा नया डॉन? सामने आए दो बड़े नाम

Crisis Deepens for ‘Don 3 Who Will Be the New Don After Ranveer Singh’s Exit Two Big Names Emerge

मुंबई: फरहान अख्तर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘डॉन 3’ इन दिनों लगातार विवादों में घिरी हुई है। रणवीर सिंह के फिल्म से अलग होने की खबरों के बाद मामला और गर्मा गया है। इसी बीच FWICE (फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज) द्वारा रणवीर सिंह के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की खबरें भी चर्चा में हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर रणवीर फिल्म नहीं करेंगे, तो आखिर फरहान अख्तर की इस बड़ी फिल्म का नया ‘डॉन’ कौन होगा?

रणवीर सिंह के बाद किन नामों की हो रही चर्चा?

रणवीर सिंह के फिल्म छोड़ने की खबरों के बाद सोशल मीडिया पर दो बड़े सितारों के नाम तेजी से सामने आ रहे हैं — शाहरुख खान और ऋतिक रोशन।

हालांकि, शाहरुख खान पहले ही इस प्रोजेक्ट को लेकर अपनी असहमति जता चुके हैं। वहीं, ऋतिक रोशन ने भी पहले साफ किया था कि उन्हें इस फिल्म का ऑफर तक नहीं मिला। इसके बावजूद फैंस के बीच दोनों स्टार्स के नाम को लेकर चर्चाएं तेज हैं।

शुरुआत में ऐसी खबरें भी आई थीं कि शाहरुख खान फिल्म में कैमियो कर सकते हैं, लेकिन बाद में इन दावों को महज़ अफवाह बताया गया। दूसरी ओर, कई लोग मानते हैं कि अगर फरहान अख्तर ऋतिक रोशन को अप्रोच करते हैं, तो मामला बन सकता है।

रणवीर सिंह ने क्यों छोड़ी ‘डॉन 3’?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणवीर सिंह फिल्म में अपने किरदार को ज्यादा डार्क और दमदार बनाना चाहते थे। कहा जा रहा है कि वह फिल्म में अधिक एक्शन और स्क्रिप्ट में बदलाव की मांग कर रहे थे। वहीं कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि लगातार हो रही देरी और प्रोजेक्ट में बदलावों से अभिनेता खुश नहीं थे।

इन मतभेदों के चलते रणवीर सिंह ने कथित तौर पर फिल्म से दूरी बना ली।

फरहान अख्तर को कितना हुआ नुकसान?

बताया जा रहा है कि रणवीर सिंह की हामी मिलने के बाद फरहान अख्तर और उनकी टीम ने फिल्म की तैयारियां शुरू कर दी थीं। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस वजह से निर्माताओं को करीब 45 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

FWICE ने क्या कहा?

FWICE के मुख्य सलाहकार अशोक पंडित के मुताबिक, रणवीर सिंह ने शूटिंग शुरू होने से लगभग तीन हफ्ते पहले फिल्म से हटने का फैसला लिया। उस समय तक शूटिंग लोकेशन तय हो चुकी थीं, होटल बुक किए जा चुके थे और जरूरी परमिशन भी ली जा चुकी थी।

अशोक पंडित का कहना है कि इतनी बड़ी फिल्म में अचानक लिया गया फैसला सिर्फ निर्माताओं ही नहीं, बल्कि पूरी टीम को प्रभावित करता है। उन्होंने यह भी दावा किया कि फेडरेशन ने रणवीर सिंह से कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद कार्रवाई का फैसला लिया गया।

अब देखना होगा कि ‘डॉन 3’ को नया चेहरा मिलता है या फरहान अख्तर किसी बड़े सरप्राइज के साथ फिल्म को आगे बढ़ाते हैं।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment