लखनऊ: समाजवादी पार्टी के संस्थापक और दिवंगत नेता मुलायम सिंह यादव के परिवार में एक बार फिर पारिवारिक विवाद सामने आया है। इस बार मामला उनके छोटे बेटे प्रतीक यादव और उनकी पत्नी अपर्णा यादव से जुड़ा है। प्रतीक यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा कर अपर्णा यादव को जल्द तलाक देने की घोषणा की है।
इंस्टाग्राम पोस्ट में प्रतीक यादव ने पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने अपर्णा यादव को स्वार्थी बताते हुए कहा कि उनकी वजह से पारिवारिक रिश्तों में दरार आई है। पत्नी की तस्वीर साझा करते हुए प्रतीक यादव ने लिखा कि वह इस महिला से जल्द से जल्द तलाक लेने जा रहे हैं। पोस्ट में उन्होंने कहा, “मैं इस मतलबी औरत को जल्द डाइवोर्स देने जा रहा हूं। इसने मेरे परिवार के रिश्ते खराब कर दिए। इसे सिर्फ मशहूर और प्रभावशाली बनना है।”
प्रतीक यादव ने आगे लिखा कि उनकी मानसिक स्थिति इस समय काफी खराब है, लेकिन अपर्णा यादव को इसकी कोई परवाह नहीं है। उन्होंने कहा, “उसे सिर्फ अपनी चिंता है। मैंने अपनी जिंदगी में इतनी बुरी औरत नहीं देखी और बदकिस्मती से मेरी शादी उससे हुई।”
हालांकि, इस पूरे मामले पर अभी तक अपर्णा यादव की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। परिवार के किसी अन्य सदस्य ने भी इस विवाद पर सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं कहा है।
गौरतलब है कि अपर्णा यादव मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू हैं। वह वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी से जुड़ी हुई हैं और उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष के पद पर हैं। अपर्णा यादव ने साल 2022 में भाजपा जॉइन की थी। उनकी शादी प्रतीक यादव से वर्ष 2011 में हुई थी, जो उस समय बेहद भव्य और हाई-प्रोफाइल समारोह के रूप में चर्चा में रही थी।