मुंबई: बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान ने अपने ड्रीम प्रोजेक्ट ‘महाभारत’ को लेकर बड़ा खुलासा किया है। एक इंटरव्यू में ‘द हॉलीवुड रिपोर्टर’ से बातचीत करते हुए आमिर ने बताया कि वे इस साल से ‘महाभारत’ पर काम शुरू करने जा रहे हैं, लेकिन इसमें कोई जल्दबाज़ी नहीं होगी।
आमिर ने कहा कि यह प्रोजेक्ट उनके लिए बेहद खास है और इसे कई भागों में बनाया जाएगा। फिलहाल स्क्रिप्टिंग पर ही 3 से 4 साल का वक्त लग सकता है। स्क्रिप्ट तैयार होने के बाद इसकी शूटिंग ‘लॉर्ड ऑफ द रिंग्स’ की तर्ज पर एक बार में की जाएगी। इस मेगा प्रोजेक्ट के अलग-अलग हिस्सों का निर्देशन अलग-अलग डायरेक्टर्स करेंगे।
अभिनय करेंगे या नहीं? आमिर ने दिया जवाब
जब आमिर से पूछा गया कि क्या वह ‘महाभारत’ में अभिनय करते भी नजर आएंगे, तो उन्होंने कहा, “मैं निर्माता तो रहूंगा ही, लेकिन अभिनय को लेकर अभी कोई फैसला नहीं लिया है। कास्टिंग पूरी तरह किरदारों की ज़रूरतों के आधार पर की जाएगी। जो जिस भूमिका में फिट बैठेगा, उसे वही रोल मिलेगा।”
पहले ऐसी अटकलें थीं कि आमिर ‘श्रीकृष्ण’ की भूमिका निभा सकते हैं, लेकिन इस पर उन्होंने अब तक कोई पुष्टि नहीं की है।
‘महाभारत’ को मिलेगा हॉलीवुड जैसा भव्य रूप
आमिर ने भरोसा दिलाया है कि जब यह फिल्म बड़े पर्दे पर आएगी, तो दर्शकों को इसकी भव्यता और स्तर पर गर्व होगा। उन्होंने कहा कि हर पहलू पर गहराई और बारीकी से काम किया जाएगा, ताकि यह प्रोजेक्ट अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरा उतर सके।
‘राकेश शर्मा’ की बायोपिक छोड़ी ‘महाभारत’ के लिए
गौरतलब है कि आमिर खान पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा की बायोपिक में काम करने वाले थे, लेकिन उन्होंने यह फिल्म छोड़ दी। अब उन्होंने इसका कारण स्पष्ट करते हुए कहा कि उन्होंने ‘महाभारत’ पर फोकस करने के लिए यह फैसला लिया।