नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) की जीत के बाद पार्टी के सदस्यों ने सोमवार को लोकसभा में ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाए। 8 फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद संसद के बजट सत्र का यह पहला कामकाजी दिन था। जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई, भाजपा के कई सदस्य अपने स्थान पर खड़े हो गए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाने लगे।
भा.ज.पा. की शानदार जीत
सत्तापक्ष के सदस्यों की नारेबाजी के बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रश्नकाल की शुरुआत करवाई। दिल्ली में भाजपा ने 70 विधानसभा सीटों में से 48 सीटों पर जीत हासिल की। भाजपा ने आम आदमी पार्टी (आप) को हराकर 26 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की है, जबकि आप को सिर्फ 22 सीटें मिलीं।
अमेरिका से निर्वासित भारतीयों पर चर्चा की मांग
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने सोमवार को लोकसभा में एक महत्वपूर्ण स्थगन प्रस्ताव पेश किया। उन्होंने प्रस्ताव में अमेरिका से निर्वासित भारतीय नागरिकों के साथ किए गए व्यवहार और इस पर भारत सरकार के रुख पर चर्चा की मांग की। तिवारी ने कहा कि वह लोकसभा की कार्यवाही को स्थगित करने का प्रस्ताव रखते हैं, ताकि इस महत्वपूर्ण और तत्कालीन मुद्दे पर चर्चा की जा सके।
अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे भारतीय नागरिक
मनीष तिवारी ने सदन में यह भी कहा कि अमेरिकी सरकार के आंकड़ों के अनुसार, करीब 7.25 लाख भारतीय नागरिक अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे हैं। इनमें से 24 हजार लोग हिरासत में हैं, और 487 व्यक्तियों पर अंतिम निर्वासन आदेश जारी किए गए हैं, जिनमें से 298 की पहचान भारतीय नागरिक के रूप में हुई है।