नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राज्यसभा जाने की तैयारी शुरू कर दी है। पंजाब में आम आदमी पार्टी ने एक अहम फैसला लिया है, जिसके बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि केजरीवाल सांसद बनने की योजना बना रहे हैं। पार्टी ने अपने राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को पंजाब के लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव में उतारने का निर्णय लिया है। यह सीट पिछले महीने आप विधायक गुरप्रीत गोगी के निधन के कारण खाली हुई है।
संजीव अरोड़ा 2022 में पंजाब से राज्यसभा के लिए चुने गए थे, और उनका कार्यकाल 2028 तक है। हालांकि, यदि वे विधानसभा चुनाव लड़ते हैं, तो उन्हें राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा देना होगा। ऐसी स्थिति में उनके खाली होने वाली सीट से अरविंद केजरीवाल चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि, आम आदमी पार्टी ने अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
लुधियाना पश्चिम सीट कैसे हुई खाली?
लुधियाना पश्चिम सीट आम आदमी पार्टी के विधायक गुरप्रीत गोगी के निधन के कारण खाली हुई है। गोगी की गोली लगने से मृत्यु हो गई थी। वह 2022 के विधानसभा चुनाव में लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट से विधायक बने थे। इससे पहले वह दो बार पार्षद रह चुके थे और कांग्रेस जिला (शहरी) अध्यक्ष भी थे, और 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले आप में शामिल हुए थे।
केजरीवाल ने दिल्ली में भी हार का सामना किया
दिल्ली विधानसभा चुनाव में हाल ही में आम आदमी पार्टी को बुरी हार का सामना करना पड़ा था, और अरविंद केजरीवाल अपनी सीट भी हार गए थे। उन्हें भाजपा के परवेश वर्मा ने नई दिल्ली विधानसभा सीट से हराया था। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में भाजपा को 48 सीटों पर जीत मिली, जबकि आप को केवल 22 सीटें ही प्राप्त हो पाईं।
संजीव अरोड़ा के विधानसभा चुनाव लड़ने के बाद अब यह संभावना जताई जा रही है कि अरविंद केजरीवाल पंजाब के जरिए राज्यसभा में एंट्री ले सकते हैं।