आरा में स्वर्ण व्यवसायी के अपहरण से हड़कंप, एक सप्ताह बाद भी नहीं मिला सुराग – गुस्साए परिजनों और व्यापारियों ने किया सड़क जाम

Agitation of gold trader in Arrah created a stir, no clue found even after a week – angry family members and traders blocked the road

आरा: आरा से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी अपहृत स्वर्ण व्यवसायी राजेश कुमार सोनी का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इससे आक्रोशित परिजन और स्थानीय व्यवसायी सड़क पर उतर आए और जोरदार प्रदर्शन किया। गुस्साए लोगों ने धरहरा इलाके में सड़क जाम कर आगजनी की और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।

राजेश कुमार सोनी, आरा के उदवंतनगर थाना क्षेत्र स्थित उदवंतनगर बाजार में “मां वैष्णवी ज्वेलर्स” नाम से दो महीने पहले ही नया आभूषण प्रतिष्ठान खोले थे। परिजनों के अनुसार, 17 अप्रैल की दोपहर करीब 3:30 बजे वे अपने प्रतिष्ठान से जेवर लेकर इसाढी बाजार स्थित अपने जीजा की दुकान के लिए निकले थे। रास्ते में वे असनी इलाके में एक दुकान पर लगभग 10 मिनट रुके, इसके बाद वे आगे बढ़े, लेकिन फिर उनका कोई पता नहीं चला।

शाम 6:30 बजे तक जब वे जीजा की दुकान पर नहीं पहुंचे, तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। शाम 7:30 बजे तक उनका मोबाइल ऑन था और रिंग हो रही थी, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके कुछ देर बाद मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। 18 अप्रैल की सुबह परिजनों ने उनकी बाइक उदवंतनगर हाल्ट के पास पाई, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई और बाइक को जब्त कर लिया गया।

परिजनों का कहना है कि यह केवल गुमशुदगी नहीं, बल्कि स्पष्ट रूप से अपहरण का मामला है। उन्होंने पुलिस पर गंभीरता न दिखाने का आरोप लगाया और कहा कि घटना के छह दिन बीतने के बावजूद अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। इससे पूरे परिवार में डर और चिंता का माहौल बना हुआ है।

इस घटना से आरा के व्यवसायियों में भी भारी आक्रोश है। शनिवार को बड़ी संख्या में स्वर्ण व्यवसायी भोजपुर एसपी से मिलने पहुंचे और मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने चेतावनी दी है कि अगर 24 घंटे के अंदर राजेश सोनी को सकुशल वापस नहीं लाया गया, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे।

घटना ने आरा और आस-पास के इलाकों में सनसनी फैला दी है। आम लोग भी भयभीत हैं और राजेश सोनी की सलामती की दुआ कर रहे हैं। वहीं, प्रशासन पर लगातार दबाव बनता जा रहा है कि वह इस मामले को जल्द से जल्द सुलझाए और व्यवसायी को सुरक्षित वापस लाए।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment