ईरान-इज़राइल युद्ध के कारण एयरस्पेस पर असर, इंडिगो और एयर इंडिया ने जारी की एडवाइजरी

Airspace affected due to Iran-Israel war, Indigo and Air India issued advisory

नई दिल्ली: ईरान और इज़राइल के बीच चल रहे युद्ध के चलते हवाई यात्रा पर असर पड़ने लगा है। इस स्थिति को देखते हुए इंडिगो और एयर इंडिया ने यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइनों ने विदेश यात्रा करने वालों से अपील की है कि घर से एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर जांचें, क्योंकि कई फ्लाइट्स का रूट बदला जा रहा है या उनमें देरी हो सकती है।

इंडिगो की ओर से कहा गया है कि वर्तमान हालात के कारण ईरान के एयरस्पेस का इस्तेमाल संभव नहीं है, जिससे कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का मार्ग परिवर्तित किया गया है। इसके चलते यात्रा की अवधि बढ़ सकती है या फ्लाइट्स में देरी हो सकती है।

इंडिगो ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, “ईरान और आस-पास के क्षेत्रों का एयरस्पेस अभी भी उपलब्ध नहीं है। यात्रियों से अनुरोध है कि एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले हमारी वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर अपनी फ्लाइट की जानकारी जरूर लें। हमारी टीमें हर संभव सहायता के लिए तैयार हैं और हम सुरक्षित व सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

इससे एक दिन पहले एयर इंडिया ने भी एडवाइजरी जारी कर बताया था कि इजराइल-ईरान युद्ध के चलते 16 फ्लाइट्स प्रभावित हुई हैं। इनमें से कुछ उड़ानों का मार्ग बदला गया है, जबकि कुछ फ्लाइट्स को भारत वापस लौटाया गया है।

एयरलाइंस ने यात्रियों से संयम और सहयोग की अपील की है और कहा है कि सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले फ्लाइट से जुड़ी ताज़ा जानकारी अवश्य लें, जिससे किसी भी असुविधा से बचा जा सके।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment