नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच लगातार बढ़ते तनाव के चलते देशभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। राजधानी दिल्ली में हाई अलर्ट घोषित किया गया है और सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। साथ ही, दिल्ली की ऐतिहासिक इमारतों, जैसे लाल किला और कुतुब मीनार की सुरक्षा भी काफी बढ़ा दी गई है।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और सीसीटीवी कैमरों से चौकस निगरानी रखी जा रही है। आमतौर पर पर्यटकों की भीड़ के कारण इन स्थानों पर सुरक्षा तैनात रहती है, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए सुरक्षा उपायों को और मजबूत किया गया है। दिल्ली के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी सुरक्षा बढ़ाई गई है।
इसी बीच, भारतीय सेना ने जानकारी दी है कि पाकिस्तानी सशस्त्र बलों ने 8 और 9 मई की रात को पश्चिमी सीमा पर कई ड्रोन और अन्य हथियारों के ज़रिए हमले की कोशिश की थी। इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर कई बार संघर्ष विराम का उल्लंघन (CFV) भी किया गया।
सेना ने बयान जारी कर बताया कि इन हमलों को सफलतापूर्वक नाकाम किया गया। भारतीय सेना ने कहा, “हम राष्ट्र की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं, और सभी नापाक इरादों का बलपूर्वक जवाब देंगे।”
गुरुवार रात, पाकिस्तान की ओर से जम्मू, पठानकोट, उधमपुर समेत कई सैन्य स्टेशनों को निशाना बनाने की कोशिश की गई, जिसे भारत ने पूरी तरह विफल कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के ड्रोन और मिसाइलों को नष्ट कर दिया गया, साथ ही इस्लामाबाद के एयरबॉर्न वॉर्निंग एंड कंट्रोल सिस्टम विमान को भी मार गिराया गया, जो पाकिस्तान की हवाई निगरानी और युद्ध रणनीति के लिए गंभीर झटका माना जा रहा है।
सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और स्थिति पर लगातार नजर रख रही हैं, जबकि आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सतर्क रहें।