हिसार में क्रिसमस पर सतर्क प्रशासन, चर्च के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

Authorities in Hisar are on high alert for Christmas, with tight security arrangements around churches.

हिसार : क्रिसमस के अवसर पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल द्वारा शहर के एक पुराने चर्च के पास धार्मिक कार्यक्रम की घोषणा के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पूजा स्थल और उसके आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। एहतियातन क्षेत्र में वज्र वाहन, वॉटर कैनन और पुलिस की तीन कंपनियां तैनात की गई हैं।

25 दिसंबर को प्रस्तावित ‘हिंदू शक्ति संगम’ कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों के एक वर्ग ने क्रिसमस के दिन चर्च के सामने हवन-यज्ञ और हनुमान चालीसा पाठ किए जाने पर आपत्ति जताते हुए कार्यक्रम रद्द करने की मांग की है। विवाद बढ़ने के बाद पुलिस प्रशासन ने दो डीएसपी को नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। नगर निगम ने कार्यक्रम से संबंधित पोस्टर भी हटवा दिए हैं, वहीं लगाए गए झंडों को हटाने की मांग भी उठी है।

जानकारी के मुताबिक, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की ओर से क्रांतिमान पार्क में हिंदू शक्ति संगम का आयोजन किया जा रहा है। गुरुवार दोपहर होने वाले इस कार्यक्रम में बजरंग दल के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना है। मटका चौक स्थित चर्च के सामने क्रांतिमान पार्क में स्वामी श्रद्धानंद के बलिदान दिवस पर हवन-यज्ञ और श्रद्धांजलि कार्यक्रम रखा गया है। इसके साथ ही दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन प्रस्तावित है, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की आशंका है।

बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम में बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक किशन प्रजापति के भी पहुंचने की सूचना है। वहीं, ठीक सामने स्थित 160 साल पुराने सेंट थॉमस चर्च में क्रिसमस डे के मौके पर धार्मिक कार्यक्रम होंगे, जिनमें भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है।

दोनों आयोजनों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। हिसार पुलिस के अनुसार, क्रांतिमान पार्क, चर्च परिसर और आसपास के इलाकों में दो डीएसपी, दो इंस्पेक्टर, 40 से 50 महिला पुलिसकर्मियों समेत करीब 250 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment