भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस नेताओं पर हिंदुत्व के खिलाफ काम करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के उस बयान की कड़ी आलोचना की, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर कहा कि आदिवासियों में हिंदुत्व नहीं है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बयान जारी कर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा, “यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस हमेशा हिंदू और हिंदुत्व के खिलाफ काम करती है। राहुल गांधी ने हिंदुओं के बारे में जो बचकाना बयान दिया, उसे मणिशंकर अय्यर ने अलग अंदाज में दोहराया। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए स्टालिन से लेकर रेवंत रेड्डी तक ने न जाने क्या-क्या कहा। अब हमारे नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार कह रहे हैं कि आदिवासियों में हिंदुत्व नहीं है। उन्हें इस पर शर्मिंदगी महसूस करनी चाहिए।”
सीएम यादव ने चेतावनी देते हुए कहा, “हिंदुत्व पर सवाल उठाने वालों को जनता कभी माफ नहीं करेगी। प्रदेश और देश की जनता इस मामले में बहुत गंभीर है, यही कारण है कि आज कांग्रेस की ऐसी दुर्गति हो रही है। मैं मांग करता हूं कि कांग्रेस नेताओं को अपने बयानों के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।”
दरअसल, कांग्रेस नेता उमंग सिंघार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे कहते नजर आ रहे हैं, “मैं गर्व से कहता हूं कि हम आदिवासी हैं, हिंदू नहीं हैं।” इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है।
भाजपा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने भी उमंग सिंघार के बयान की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा, “जनजातीय समाज हिंदू समाज का अभिन्न हिस्सा है। हम सभी हिंदू रीति-रिवाजों के साथ जीवन जीते हैं। उमंग सिंघार अपने भ्रामक बयानों से कांग्रेस की घटिया राजनीति को बढ़ावा दे रहे हैं, लेकिन जनजातीय समाज उनकी सच्चाई को अच्छी तरह समझ चुका है।”
इसी तरह, भाजपा के राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी ने भी इस बयान की आलोचना करते हुए कहा, “जनजातीय समाज हिंदू धर्म का अटूट हिस्सा है। उमंग सिंघार के इस बयान की मैं कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। उन्हें अपने इस बयान के लिए पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए।”