पटियाला: पंजाब की सन्नौर विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा पुलिस हिरासत से फरार हो गए हैं। उन्हें हरियाणा के करनाल से गिरफ्तार कर पंजाब लाया जा रहा था, तभी रास्ते में उन्होंने और उनके साथियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। इस हमले में एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया है।
बताया जा रहा है कि विधायक पठानमाजरा और उनके साथी दो गाड़ियों – एक स्कॉर्पियो और एक फॉर्च्यूनर में सवार थे। घटना के बाद पुलिस ने फॉर्च्यूनर को जब्त कर लिया है, लेकिन स्कॉर्पियो में सवार विधायक और उनके कुछ साथी अब भी फरार हैं। उन्हें पकड़ने के लिए इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
गिरफ्तारी से पहले हरमीत सिंह पठानमाजरा ने एक वीडियो जारी कर कहा था कि उनके खिलाफ IPC की धारा 376 (बलात्कार) के तहत मामला दर्ज किया गया है, जो उनकी पूर्व पत्नी से जुड़ा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली की AAP लीडरशिप पंजाब में हस्तक्षेप कर रही है और उनकी आवाज को दबाया जा रहा है।
गौरतलब है कि साल 2022 में उनकी दूसरी पत्नी गुरप्रीत कौर ने उन पर पहली शादी छिपाने और मारपीट के आरोप लगाए थे। इसके अलावा, एक कथित अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद भी वे विवादों में घिर चुके हैं।
पुलिस का कहना है कि फरार विधायक और उनके साथियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच जारी है।