नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता, 22 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

Big success against Naxalism, 22 Naxalites surrendered

सुकमा: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान में एक बड़ी कामयाबी मिली है। शुक्रवार को जिले के घने जंगलों में चलाए गए एक विशेष ऑपरेशन के दौरान कुल 22 नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें 9 महिलाएं और 13 पुरुष शामिल हैं।

इस संयुक्त ऑपरेशन में सुकमा डीआईजी ऑफिस, जगदलपुर डीआईजी ऑफिस, और सीआरपीएफ की विभिन्न बटालियनों जैसे 2, 74, 131, 217, 219, 223, 226, 227, 241 एवं कोबरा 203 की आसूचना शाखा ने अहम भूमिका निभाई। यह आत्मसमर्पण छत्तीसगढ़ सरकार की ‘छत्तीसगढ़ नक्सलवादी आत्मसमर्पण पुनर्वास नीति’ और ‘नियद नेल्ला नार’ योजना से प्रभावित होकर हुआ है। साथ ही, अंदरूनी क्षेत्रों में लगातार नए सुरक्षा कैंपों की स्थापना और पुलिस की बढ़ती उपस्थिति ने भी इन नक्सलियों को आत्मसमर्पण के लिए प्रेरित किया।

आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में से 1 पुरुष और 1 महिला पर 8-8 लाख रुपये, 1 पुरुष और 1 महिला पर 5-5 लाख रुपये, 2 पुरुष और 5 महिलाएं पर 2-2 लाख रुपये तथा 1 पुरुष नक्सली पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। कुल मिलाकर इन सभी पर ₹40 लाख 50 हजार का इनाम घोषित था।

सभी आत्मसमर्पित नक्सलियों को ‘छत्तीसगढ़ नक्सलवादी आत्मसमर्पण पुनर्वास नीति-2025’ के अंतर्गत 50-50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि और कपड़े प्रदान किए गए हैं। इसके अतिरिक्त उन्हें अन्य पुनर्वास सुविधाएं भी दी जाएंगी।

गौरतलब है कि इससे पहले 8 अप्रैल को बीजापुर जिले में भी 22 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया था, जिनमें 6 महिला नक्सली थीं। उन पर कुल ₹26 लाख का इनाम था। यह दर्शाता है कि सरकार की नीतियां और सुरक्षा बलों की रणनीति नक्सलवाद के खिलाफ प्रभावी साबित हो रही हैं।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment