पटना/मोकामा: बिहार में चलती ट्रेनों में हो रही आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला 13245/46 न्यू जलपाईगुड़ी-राजेंद्र नगर कैपिटल एक्सप्रेस का है, जिसमें देर रात बदमाशों ने जमकर लूटपाट मचाई और यात्रियों के साथ बेरहमी से मारपीट की। यह वारदात मोकामा के पास ओन्टा हॉल्ट पर उस वक्त हुई जब ट्रेन वहां धीमी गति से चल रही थी।
मिली जानकारी के अनुसार, जैसे ही कैपिटल एक्सप्रेस ओन्टा हॉल्ट के पास पहुँची, 4 से 5 की संख्या में बदमाश एक जनरल बोगी में चढ़ गए और तुरंत ही यात्रियों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। उन्होंने करीब 15 यात्रियों से नकदी, मोबाइल और कीमती सामान लूट लिया। जब कुछ यात्रियों ने विरोध किया तो बदमाशों ने लाठी-डंडों से उनकी बुरी तरह पिटाई कर दी, जिससे तीन यात्री घायल हो गए। इनमें से दो के सिर फट गए हैं।
घटना के तुरंत बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। दोनों टीमों ने मौके पर पहुँचकर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। आरपीएफ ने पीड़ितों के बयान दर्ज कर एफआईआर दर्ज कर ली है और बदमाशों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है।
इस वारदात ने एक बार फिर रेल यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर रात के समय चलने वाली ट्रेनों में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर यात्रियों में डर और असुरक्षा का माहौल है। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से ट्रेनों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।