बिहार: बेतिया में अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

Bihar: Sensation due to finding the dead body of an unknown youth in Bettiah, suspicion of murder

बेतिया: बिहार में अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। हर दिन हत्या, लूट और छिनतई जैसे मामले सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में बेतिया से एक ताजा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बैरिया थाना क्षेत्र के बेतिया–पखनाहा रोड पर कैनाल बड़े नहर के पास झाड़ियों में एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ है।

शनिवार को सुबह ग्रामीणों ने मकान के पीछे झाड़ियों में शव देखा, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई और दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही बैरिया थानाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों ने बताया कि मृतक की आंख पर गंभीर चोट के निशान थे और आंख से खून बह रहा था। प्रारंभिक जांच में संदेह है कि युवक पर चाकू या किसी नुकीले हथियार से हमला किया गया। शव की स्थिति से यह भी प्रतीत होता है कि मृतक के साथ छीना-झपटी या हाथापाई हुई थी, क्योंकि उसका शर्ट उल्टा था, जूते पैर से बाहर थे और एक जूता पास की झाड़ियों में पड़ा मिला।

थानाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। शव की पहचान के लिए आसपास के थानों और गांवों में सूचना भेजी गई है। साथ ही, लापता लोगों की सूची भी खंगाली जा रही है। पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है, और लोग दहशत में हैं।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment