बक्सर में जयमाला के दौरान दुल्हन को गोली, वीडियो वायरल; आरोपी फरार

Bride shot during garland ceremony in Buxar, video goes viral; accused absconding

बक्सर से सामने आए एक सनसनीखेज वीडियो ने पूरे देश को झकझोर दिया है। जयमाला के दौरान स्टेज पर खड़ी दुल्हन को भीड़ में से आए एक युवक ने गोली मार दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। गंभीर रूप से घायल दुल्हन आरती कुमारी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही है।

एंबुलेंस में बताया हमलावर का नाम
गोली लगने के बाद आरती को इलाज के लिए पहले बक्सर से वाराणसी ले जाया गया। रास्ते में एंबुलेंस के अंदर का एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें परिजन उससे पूछते हैं कि गोली किसने मारी। जवाब में वह कहती सुनाई देती है— “दीनबंधुआ गोली मरले बा… ए भईया।” इससे आरोपी की पहचान दीनबंधु के रूप में हुई है, हालांकि पुलिस अब तक उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी है।

हालत गंभीर, ऑपरेशन कर निकाली गई गोली
पुलिस के अनुसार वाराणसी के अस्पताल में आरती का ऑपरेशन किया गया है और पेट में फंसी गोली निकाल ली गई है। उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। आधिकारिक बयान दर्ज करने के लिए बक्सर पुलिस की टीम वाराणसी रवाना हो गई है।

कौन है आरोपी दीनबंधु?
परिजनों के मुताबिक आरोपी दीनबंधु पड़ोसी रामाशंकर मल्लाह का बेटा है। तीन भाइयों में वह सबसे छोटा है। उसके पिता खेती और मछली पकड़कर परिवार चलाते हैं, जबकि बड़े भाई विद्यासागर और चंदन पिता के काम में हाथ बंटाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि दीनबंधु की संगत शुरू से ही खराब रही है।

पहले भी जा चुका है जेल
बक्सर पुलिस के अनुसार दीनबंधु अवैध शराब कारोबार में लिप्त रहा है। करीब पांच साल पहले उसे शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। बाद में जमानत पर छूटकर वह फिर उसी धंधे में लग गया।

प्रेम संबंधों से परिजनों का इनकार
घटना के बाद एकतरफा प्रेम प्रसंग की चर्चा भी सामने आई, लेकिन आरती के पिता और अन्य परिजनों ने किसी भी प्रेम संबंध से साफ इनकार किया है। उनका कहना है कि शादी आरती की सहमति से हो रही थी और वह तैयारियों को लेकर बेहद खुश थी।

भूमि विवाद की भी चर्चा
परिजनों ने यह भी बताया कि आरती के चाचा शिवजी चौधरी और आरोपी के पिता के बीच डेढ़ कट्ठा जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। हाल ही में जमीन का आधा-आधा बंटवारा हुआ था। हालांकि पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है।

अफवाह से गांव में तनाव
इलाज के दौरान आरती की मौत की अफवाह फैलने से गांव में तनाव की स्थिति बन गई थी। पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर स्थिति संभाली और सही जानकारी दी। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात है। बक्सर के एसपी शुभम आर्य ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक निर्देश दिए हैं। पुलिस आरोपी दीनबंधु की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment