पटना: बिहार में इस वर्ष विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, और उससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए 7 नए चेहरों को शामिल किया है। इस विस्तार को आगामी विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है, क्योंकि शामिल किए गए सभी नए विधायक बीजेपी के हैं और इनकी नियुक्ति से विशेष वर्ग की जातियों को साधने की कोशिश की गई है। मंत्रिमंडल के नए सदस्यों में जिबेश कुमार, संजय सरावगी, सुनील कुमार, राजू कुमार सिंह, मोती लाल प्रसाद, विजय कुमार मंडल और कृष्ण कुमार मंटू शामिल हैं।
शपथ दिलाई गई गोपनीयता की शपथ
बुधवार को पटना में राजभवन में आयोजित एक समारोह में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने इन नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस विस्तार के बाद बिहार मंत्रिमंडल में सदस्यों की संख्या बढ़कर 36 हो गई है। इससे पहले दिन में बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जयसवाल ने अपनी पार्टी की ‘एक व्यक्ति, एक पद’ की नीति के तहत नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। जायसवाल को पिछले साल जनवरी में जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल होने के बाद राजस्व और भूमि सुधार विभाग का प्रभार सौंपा गया था।
नए चेहरों में कौन कितना अमीर?
- संजय सरावगी: संपत्ति – 5.29 करोड़ रुपये, विधानसभा क्षेत्र – दरभंगा, पार्टी – भाजपा।
- विजय कुमार: संपत्ति – 1.07 करोड़ रुपये, विधानसभा क्षेत्र – सिकटी, पार्टी – भाजपा।
- जिवेश कुमार: संपत्ति – 3.57 करोड़ रुपये, विधानसभा क्षेत्र – जाले, पार्टी – भाजपा।
- कृष्णा कुमार मंडल: संपत्ति – 7.25 करोड़ रुपये, विधानसभा क्षेत्र – अमनौर, पार्टी – भाजपा।
- मोती लाल प्रसाद: संपत्ति – 1.10 करोड़ रुपये, विधानसभा क्षेत्र – रीगा, पार्टी – भाजपा।
- डॉ. सुनील कुमार: संपत्ति – 11.35 करोड़ रुपये, विधानसभा क्षेत्र – बिहारशरीफ, पार्टी – भाजपा।
- राजू कुमार सिंह: संपत्ति – 9.15 करोड़ रुपये, विधानसभा क्षेत्र – साहेबगंज, पार्टी – भाजपा।
किस पर कितने मामले दर्ज?
शपथ लेने वाले सातों नए मंत्रियों ने 2020 के अपने चुनावी हलफनामे में बताया कि उनके ऊपर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें सबसे ज्यादा 10 मामले साहेबगंज के विधायक राजू कुमार सिंह के खिलाफ हैं। अमनौर से विधायक कृष्ण कुमार मंटू पर 9 मामले चल रहे हैं, जबकि बिहारशरीफ के डॉक्टर सुनील कुमार पर 7 मामले हैं। जाले के जिबेश कुमार पर 5, और रीगा के मोतीलाल प्रसाद व दरभंगा के संजय सरावगी पर 4-4 मामले दर्ज हैं। सिकटी के विजय कुमार मंडल पर एक मामला दर्ज है।
इस विस्तार के बाद अब देखना होगा कि इन नए मंत्रियों का बिहार विधानसभा चुनाव पर कितना असर पड़ता है और भाजपा की ये रणनीति कितनी सफल होती है।