सीवान: रेल पुलिस सीवान ने एक सराहनीय कार्य करते हुए दो साल से लापता नाबालिग बच्ची को उसके परिजनों से मिलवा दिया। बेटी को सकुशल सामने देखकर परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों ने बच्ची को खोज निकालने के लिए जीआरपी का आभार जताया।
प्लेटफॉर्म पर लावारिस हालत में मिली थी बच्ची
मामले की जानकारी देते हुए मुजफ्फरपुर रेल पुलिस कार्यालय की उपाध्यक्ष निधि कुमारी ने बताया कि Siwan Junction railway station पर एक नाबालिग बच्ची लावारिस हालत में प्लेटफॉर्म पर सोती हुई मिली थी। ड्यूटी पर तैनात रेल पुलिसकर्मियों ने उसे बुलाकर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान बच्ची केवल अपना नाम बता पा रही थी, लेकिन वह अपने माता-पिता या घर का पता नहीं बता सकी। इसके बाद पुलिस ने उसे बाल संरक्षण विभाग को सौंप दिया।
सोशल मीडिया से मिली सुराग की कड़ी
रेल पुलिस ने बच्ची की तस्वीर लापता हेल्प डेस्क और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर दी। जांच में पता चला कि बच्ची की गुमशुदगी की रिपोर्ट 4 अप्रैल 2024 को दर्ज कराई गई थी।
वायरल तस्वीर के आधार पर मुजफ्फरपुर के सिकंदरपुर थाने से संपर्क स्थापित किया गया। इसके बाद उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्ची को उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।
परिवार ने जताया आभार
दो साल बाद अपनी बेटी को पाकर परिवार बेहद भावुक हो गया। परिजनों ने रेल पुलिस सीवान और जीआरपी टीम का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और तत्परता की बदौलत आज उनकी बच्ची सुरक्षित घर लौट सकी है।