लखीसराय पहुंचा हीरो एशिया कप 2025 की गौरव यात्रा का कमिश्नर अवनीश कुमार सिंह और डीएम मिथिलेश मिश्र ने किया भव्य स्वागत

सरफ़राज़ आलम

चौथीवाणी/लखीसराय हीरो एशिया कप 2025 की गौरव यात्रा सोमवार देर शाम लखीसराय पहुँची.बालिका विद्यापीठ के प्रांगण में मुंगेर के कमिश्नर अवनीश कुमार सिंह और डीएम मिथिलेश मिश्रने बैंड-बाजे और पारंपरिक स्वागत के बीच ट्रॉफी का अनावरण किया.
जैसे ही ट्रॉफी बालिका विद्यापीठ पहुँची, छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स और स्काउट एंड गाइड्स की टुकड़ियों ने जोश और उत्साह से इसका स्वागत किया. समारोह की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई. छात्राओं ने गणेश वंदना और राष्ट्रीय गीत प्रस्तुत कर माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया
इस मौके पर कमिश्नर अवनीश कुमार सिंह ने कहा कि बिहार के लिए यह गर्व की बात है कि दूसरी बार राज्य को एशिया कप जैसे अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी का मौका मिला है.

उन्होंने बच्चों और युवाओं से खेल को करियर बनाने और अपनी प्रतिभा से देश का नाम रौशन करने की अपील की.
कमिश्नर अवनीश कुमार सिंह और डीएम मिथिलेश मिश्र ने संयुक्त रूप से हॉकी का शो मैच खेलकर खेल भावना का संदेश दिया. इस अवसर पर डीईओ यदुवंश राम,वरीय उप समाहर्ता रवि कुमार, डीपीओ नीलम राज और बालिका विद्यापीठ की प्राचार्य कविता सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद थे.
गौरतलब है कि हीरो एशिया कप 2025 का आयोजन 29 अगस्त से 7 सितंबर तक राजगीर (नालंदा) में होगा. फाइनल मैच के विजेता को दी जाने वाली ट्रॉफी को बिहार के अलग-अलग जिलों में ले जाकर प्रदर्शित किया जा रहा है, ताकि खेल के प्रति उत्साह बढ़े.
कार्यक्रम के बाद ट्रॉफी यात्रा लखीसराय बाजार से होते हुए खेल भवन पहुँची और आज सुबह इसे जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र द्वारा शेखपुरा जिले के लिए रवाना किया गया!

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment