नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) के सत्ता से बाहर होने के बाद अब पंजाब में भगवंत मान की सरकार को लेकर चिंताएँ बढ़ गई हैं। दिल्ली हाथ से निकलने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पार्टी के अन्य नेता पंजाब में अपनी सरकार को बनाए रखने और पार्टी के अस्तित्व को बचाए रखने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। इस बीच, पंजाब में कांग्रेस के एक बड़े नेता ने ऐसा दावा किया है, जिसने मुख्यमंत्री भगवंत मान की परेशानियाँ और बढ़ा दी हैं।
कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने सोमवार को दावा किया कि आम आदमी पार्टी (AAP) के 32 विधायक उनके संपर्क में हैं और पक्ष बदलने का विचार कर रहे हैं।
“32 विधायक मेरे संपर्क में हैं”
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बाजवा ने यह बात पंजाब विधानसभा के बाहर पत्रकारों से कही। वहीं, AAP के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि बाजवा ने बीजेपी में शामिल होने की “एडवांस बुकिंग” कर रखी है। अरोड़ा का यह भी कहना था कि बाजवा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा कि मान बीजेपी के संपर्क में हैं और जब अरविंद केजरीवाल उन्हें हटाने का फैसला करेंगे, तो वे अपना बैग पैक करके बीजेपी में शामिल हो जाएंगे। बाजवा ने अपने बयान को और मजबूत करते हुए कहा, “मैंने 45 साल के राजनीतिक करियर में कभी झूठ नहीं बोला। मैं फिर कह रहा हूं, 32 विधायक मेरे संपर्क में हैं। केवल विधायक ही नहीं, कुछ मंत्री भी मुझसे बात कर रहे हैं। अमन अरोड़ा को भी इसकी जानकारी है।”