सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में दिनदहाड़े हत्या, कार्यपालक पदाधिकारी को गोलियों से भूना

Daylight Murder at Sultanganj Nagar Parishad Office: Executive Officer Riddled with Bullets

पटना: बिहार के भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में मंगलवार को दिनदहाड़े बड़ी आपराधिक वारदात सामने आई। बेखौफ अपराधियों ने कार्यालय में घुसकर कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण की गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं, नगर परिषद के सभापति राजकुमार उर्फ गुड्डू भी इस हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।

घटना को लेकर बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने ट्वीट कर सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इस घटना को गंभीर विफलता बताया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार दोपहर नगर परिषद कार्यालय में विज्ञापन ठेकों की नीलामी प्रक्रिया पूरी हुई थी। इसके बाद कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण अपने कक्ष में सभापति गुड्डू के साथ विभागीय चर्चा कर रहे थे। तभी एक बुलेट बाइक पर सवार तीन नकाबपोश अपराधी कार्यालय परिसर में पहुंचे और सीधे चैंबर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

हमलावरों ने वारदात को इतनी तेजी से अंजाम दिया कि वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी और कर्मचारी कुछ समझ ही नहीं सके। गोलीबारी के बाद अपराधी हवा में फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई।

घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कृष्ण भूषण को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सभापति गुड्डू की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें भागलपुर के मायागंज स्थित जेएलएनएमसीएच अस्पताल में रेफर किया गया है, जहां वे आईसीयू में भर्ती हैं।

सरकारी कार्यालय के अंदर हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुरुआती जांच में घटना के तार विज्ञापन ठेकों और वर्चस्व की लड़ाई से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।

मौके पर भागलपुर के एसएसपी समेत भारी पुलिस बल और एफएसएल टीम पहुंच चुकी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जिले की सीमाएं सील कर लगातार छापेमारी की जा रही है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment