नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में आम आदमी पार्टी (AAP) को मिल रही करारी हार पर कवि और पूर्व नेता कुमार विश्वास ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) को जीत की बधाई दी और उम्मीद जताई कि पार्टी अब राजधानी के विकास के लिए काम करेगी।
अरविंद केजरीवाल की हार पर कुमार विश्वास की प्रतिक्रिया
अरविंद केजरीवाल की हार पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कुमार विश्वास ने कहा कि आज दिल्ली में न्याय हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने पार्टी के कार्यकर्ताओं के सपनों को अपनी निजी महत्वाकांक्षाओं के लिए कुचल दिया था।
कुमार विश्वास का कहना- जनता ने दी सजा
ANI से बात करते हुए कुमार विश्वास ने कहा कि मनीष सिसोदिया की हार की खबर सुनकर उनकी पत्नी भावुक हो गईं। हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि उनकी पत्नी राजनीति से जुड़ी नहीं हैं, लेकिन मनीष सिसोदिया के साथ उनके पुराने अच्छे रिश्ते थे, जिससे वे उनकी हार से आहत हो गईं। इसके साथ ही कुमार विश्वास ने मनीष सिसोदिया को भी हार के लिए जिम्मेदार ठहराया और कहा कि उन्होंने अपनी वैचारिक जिम्मेदारियों से समझौता किया, जिसकी सजा आज जनता ने उन्हें दी।
आम आदमी पार्टी की करारी हार
इस चुनाव के अब तक के रूझानों में आम आदमी पार्टी (AAP) को ऐतिहासिक हार का सामना करना पड़ा है। अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन जैसे बड़े नेता हार गए हैं। जहां पहले पार्टी ने लगातार दो चुनावों में 60 से ज्यादा सीटें जीती थीं, वहीं इस बार वह केवल 23 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है। दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी (BJP) को 50 सीटें मिलती दिख रही हैं, जो पार्टी के लिए अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन माना जा रहा है।