समृद्धि यात्रा के दौरान छपरा में हंगामा, अधिकारियों पर महिलाओं से दुर्व्यवहार और भ्रष्टाचार के आरोप

During the prosperity march in Chhapra, chaos erupted, with allegations of misconduct and corruption against officials, including mistreatment of women.

छपरा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान उस समय हंगामा हो गया, जब बीजेपी जिला महामंत्री विवेक कुमार सिंह ने पटना से आए कुछ अधिकारियों पर महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर एनडीए कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह था और बड़ी संख्या में महिलाएं स्वागत के लिए मौजूद थीं।

विवेक कुमार सिंह के अनुसार, सुरक्षा का हवाला देकर कुछ अधिकारियों ने महिलाओं और छपरा की भाजपा महिला विधायक छोटी कुमारी को कार्यक्रम स्थल पर जाने से रोक दिया। इस दौरान कथित तौर पर महिलाओं के साथ अनुचित व्यवहार किया गया। बाद में विरोध के बाद सुरक्षा अधिकारियों ने महिला विधायक को दोबारा प्रवेश की अनुमति दी। उन्होंने कहा कि इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से की जाएगी।

इसी बीच, मुख्यमंत्री को देखने पहुंचीं आशा कार्यकर्ताओं और स्थानीय महिलाओं ने सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि उन्हें मिलने वाली 6,000 रुपये की राशि में से केवल 4,000 रुपये ही दिए जाते हैं। महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि राशन कार्ड बनवाने के लिए 4,000 रुपये देने पड़ते हैं।

इसके अलावा पीएम आवास योजना को लेकर भी महिलाओं ने नाराजगी जताई। उनका कहना था कि योजना के तहत मिलने वाली राशि में से करीब 20,000 रुपये मुखिया को घूस के रूप में देने पड़ते हैं। महिलाओं ने कार्यक्रम स्थल पर जलपान और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर भी प्रशासन पर सवाल उठाए।

समृद्धि यात्रा के दौरान लगे इन आरोपों के बाद माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया। हालांकि प्रशासन की ओर से इन आरोपों पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment