नई दिल्ली: टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करना उनके लिए सम्मान की बात है और वे इस साल के अंत में भारत आने को लेकर बेहद उत्साहित हैं।
एलन मस्क और पीएम मोदी के बीच टेक्नोलॉजी और इनोवेशन जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। मस्क ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “पीएम मोदी से बातचीत करना सम्मानजनक रहा। मैं भारत यात्रा के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।”
प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस बातचीत की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए दी। उन्होंने कहा, “एलन मस्क से विभिन्न मुद्दों पर बातचीत हुई, जिनमें वाशिंगटन डीसी में इस साल की शुरुआत में हुई हमारी बैठक से जुड़े विषय भी शामिल रहे। हमने टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के क्षेत्र में सहयोग की अपार संभावनाओं पर चर्चा की। भारत अमेरिका के साथ इस साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
गौरतलब है कि फरवरी 2024 में अमेरिका दौरे के दौरान पीएम मोदी और मस्क की वाशिंगटन डीसी में मुलाकात हुई थी। उस मुलाकात के बाद भी पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा था कि उन्होंने स्पेस, मोबिलिटी, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन जैसे विषयों पर विस्तार से बातचीत की थी।
पीएम मोदी ने मस्क के बच्चों से हुई मुलाकात की कुछ तस्वीरें भी शेयर की थीं और लिखा था, “एलन मस्क के परिवार से मिलना और विभिन्न विषयों पर चर्चा करना बेहद सुखद रहा।”
यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब टेस्ला भारत में अपने वाहन और अन्य प्रोजेक्ट्स के जरिए बाजार में प्रवेश करने की तैयारी कर रही है। साथ ही यह वार्ता भारत और अमेरिका के बीच चल रही द्विपक्षीय व्यापार समझौतों की पृष्ठभूमि में भी अहम मानी जा रही है।