उधमपुर में अमरनाथ यात्रा से पहले आतंकियों से मुठभेड़, पूरे इलाके की घेराबंदी; सेना और पुलिस का साझा ऑपरेशन जारी

Encounter with terrorists before Amarnath Yatra in Udhampur, entire area cordoned off; Joint operation of Army and Police underway

श्रीनगर: अमरनाथ यात्रा की शुरुआत से ठीक एक सप्ताह पहले जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के बसंतगढ़ इलाके में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच गुरुवार को मुठभेड़ शुरू हो गई है। यह मुठभेड़ बसंतगढ़ के बिहाली क्षेत्र में चल रही है, जहां सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान छेड़ रखा है।

जानकारी के अनुसार, सुबह के वक्त इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने विशेष तलाशी अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान जंगलों में छिपे आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ तेज हो गई।

सेना की व्हाइट नाइट कोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया, “ऑपरेशन बिहाली – विशेष खुफिया इनपुट के आधार पर भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उधमपुर के बसंतगढ़ इलाके के बिहाली क्षेत्र में संयुक्त अभियान शुरू किया है। आतंकियों के साथ मुठभेड़ अब भी जारी है।”

इलाके की घेराबंदी सख्ती से की गई है ताकि कोई भी आतंकी भाग न सके। अतिरिक्त सुरक्षाबलों को मौके पर भेजा गया है और ड्रोन व अन्य निगरानी उपकरणों के जरिए इलाके पर नजर रखी जा रही है।

गौरतलब है कि 3 जुलाई से अमरनाथ यात्रा शुरू होने जा रही है, जो 9 अगस्त तक चलेगी। ऐसे में आतंकी इस यात्रा को निशाना बना सकते हैं। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि पाकिस्तान की नजर अमरनाथ यात्रा पर है, इसी कारण सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया जा रहा है और यात्रा मार्ग के आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिए गए हैं।

फिलहाल, सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर रखा है और मुठभेड़ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आतंकियों का सफाया कर लिया जाएगा।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment