नई दिल्ली: ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और ‘ऑपरेशन महादेव’ की सफलता के बाद मंगलवार, 5 अगस्त को एनडीए संसदीय दल की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जोरदार स्वागत के साथ हुई। सांसदों ने ‘हर हर महादेव’ के जयघोष और तालियों की गूंज के बीच प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने बैठक की अध्यक्षता की और सांसदों को संबोधित भी किया। इस दौरान एनडीए सांसदों ने दोनों अभियानों की सफलता पर एकमत से प्रस्ताव पारित किया और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के लिए विशेष रूप से प्रधानमंत्री को बधाई दी।
बैठक में पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनके परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की गई। इसके साथ ही हाल ही में चुने गए नए सांसदों का प्रधानमंत्री से औपचारिक परिचय भी कराया गया।