नई दिल्ली: टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने IPL 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। संजीव गोयनका की मालिकाना वाली टीम ने शुक्रवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की।
IPL 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रदर्शन बेहद खराब रहा। टीम 14 में से 10 मुकाबले हारकर अंक तालिका में 10वें और आखिरी स्थान पर रही। इसी खराब अभियान के बाद ऋषभ पंत ने कप्तानी की जिम्मेदारी से हटने का निर्णय लिया।
LSG ने जारी किया आधिकारिक बयान
लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने बयान में कहा कि ऋषभ पंत ने खुद फ्रेंचाइजी से कप्तानी के दायित्व से मुक्त करने का अनुरोध किया था, जिसे तुरंत प्रभाव से स्वीकार कर लिया गया।
फ्रेंचाइजी ने कहा, “ऋषभ पंत ने कप्तानी की जिम्मेदारी छोड़ने का अनुरोध किया था और टीम प्रबंधन ने उनके फैसले का सम्मान करते हुए इसे स्वीकार कर लिया है।”
टॉम मूडी बोले- फैसले आसान नहीं होते
LSG के क्रिकेट निदेशक टॉम मूडी ने बताया कि IPL 2026 सीजन खत्म होने के बाद पंत ने टीम प्रबंधन से बातचीत की थी।
मूडी ने कहा, “ऋषभ ने खुद यह अनुरोध किया था और हमने सम्मानपूर्वक इसे स्वीकार किया। ऐसे फैसले आसान नहीं होते। कप्तान के रूप में उन्होंने ड्रेसिंग रूम में जो योगदान दिया, उसके लिए हम उनके आभारी हैं। अब हमारा फोकस टीम को दोबारा मजबूत बनाने और नई संरचना तैयार करने पर है।”
महंगे खिलाड़ी लेकिन फीका प्रदर्शन
ऋषभ पंत IPL 2026 में 27 करोड़ रुपये की सैलरी के साथ लीग के सबसे महंगे खिलाड़ी रहे, लेकिन बल्ले से उनका प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा।
उन्होंने 14 मैचों में 312 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 28.36 और स्ट्राइक रेट 138.05 रहा। पूरे सीजन में वह केवल एक अर्धशतक ही लगा सके।
हालांकि, यह प्रदर्शन IPL 2025 से थोड़ा बेहतर रहा। 2025 सीजन में उन्होंने 14 मैचों में 269 रन बनाए थे, जहां उनके नाम 1 शतक और 1 अर्धशतक था।
LSG कप्तान के तौर पर कैसा रहा रिकॉर्ड?
ऋषभ पंत ने 2025 में केएल राहुल की जगह LSG की कप्तानी संभाली थी। उन्होंने 2025 से अब तक टीम के लिए 28 मैचों में कप्तानी की, जिसमें टीम को सिर्फ 10 जीत मिलीं, जबकि 17 मैचों में हार का सामना करना पड़ा। एक मुकाबला टाई रहा।
LSG कप्तान के रूप में पंत का जीत प्रतिशत केवल 35.71 फीसदी रहा।
वहीं, अगर उनके दिल्ली कैपिटल्स कप्तानी रिकॉर्ड की बात करें तो वहां उनका प्रदर्शन बेहतर रहा था। दिल्ली के लिए कप्तानी करते हुए उन्होंने 43 में से 23 मैच जीते, 19 हारे और एक मैच टाई रहा। उनका जीत प्रतिशत लगभग 53.48 फीसदी था।
तीन सीजन से प्लेऑफ से बाहर LSG
लखनऊ सुपर जायंट्स लगातार तीसरे सीजन प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही है। टीम ने 2022 और 2023 में केएल राहुल की कप्तानी में लगातार प्लेऑफ में प्रवेश किया था, लेकिन पिछले तीन सीजन से टीम का प्रदर्शन गिरता गया।
IPL करियर में पंत के आंकड़े
IPL में ऋषभ पंत अब तक 139 मैच खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 3865 रन बनाए हैं। उनका औसत 33.6 और स्ट्राइक रेट 146.79 रहा है। उनके नाम IPL में 2 शतक और 20 अर्धशतक दर्ज हैं।