भारत-पाकिस्तान तनाव पर विदेश मंत्रालय का कड़ा रुख, POK पर भी स्पष्ट किया भारत का राष्ट्रीय दृष्टिकोण

Foreign Ministry's tough stand on India-Pakistan tension, also clarified India's national view on POK

नई दिल्ली: ऑपरेशन सिंदूर के बाद से भारत-पाकिस्तान के बीच जारी तनाव पर विदेश मंत्रालय लगातार प्रेस कॉन्फ्रेंस और मीडिया ब्रीफिंग के माध्यम से स्थिति स्पष्ट कर रहा है। सीजफायर की घोषणा के बावजूद पाकिस्तान की ओर से कथित ड्रोन हमले सामने आए हैं, जिनका भारतीय सेना ने कड़ा जवाब दिया है।

मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आदमपुर एयरबेस से पाकिस्तान को सख्त संदेश देते हुए कहा कि “भारतीय सेना किसी परमाणु धमकी से डरती नहीं है। भारत आतंकवाद के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगा।”

POK को लेकर भारत का स्पष्ट रुख
13 मई की शाम विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK) को लेकर भारत सरकार की मंशा साफ शब्दों में दुनिया के सामने रखी। उन्होंने कहा,
“जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश से जुड़े सभी मुद्दे भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय रूप से हल किए जाने चाहिए। इसमें कोई बदलाव नहीं आया है। असल मुद्दा है – पाकिस्तान द्वारा अवैध रूप से कब्जाए गए भारतीय क्षेत्र को खाली कराना।”

अमेरिका से बातचीत और व्यापार का मुद्दा
जायसवाल ने स्पष्ट किया कि 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर शुरू होने से लेकर 10 मई को सीजफायर की सहमति बनने तक भारत और अमेरिका के नेताओं के बीच लगातार सैन्य हालात पर चर्चा हुई।
“इन चर्चाओं में कहीं भी व्यापार का मुद्दा नहीं उठा,” उन्होंने बताया।

पाकिस्तान को सख्त संदेश
पाकिस्तान के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए जायसवाल ने कहा,
“एक ऐसा देश जो लंबे समय से आतंकवाद को पनाह देता आया है, अगर वह सोचता है कि वह इसके नतीजों से बच जाएगा, तो यह उसकी भूल है। भारत ने जिन आतंकी ठिकानों को नष्ट किया, वे न केवल भारतीयों बल्कि वैश्विक नागरिकों की मौत के लिए जिम्मेदार थे। अब हालात बदल चुके हैं – जितनी जल्दी पाकिस्तान यह समझेगा, उतना ही उसके लिए बेहतर होगा।”

भारत ने साफ कर दिया है कि आतंकवाद और सुरक्षा से जुड़े मामलों में वह किसी भी तरह की नरमी नहीं बरतेगा, और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगा।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment