गया: उत्पाद इंस्पेक्टर और ‘लेडी डॉन’ की वायरल तस्वीर से खुलासा, 31 लाख की ठगी का खेल

गया: एक महिला और उत्पाद इंस्पेक्टर की आपत्तिजनक तस्वीर वायरल होने के बाद बिहार के गया में बड़ा घोटाला सामने आया है। महिला की सरकारी पिस्टल थामे तस्वीर के बाद मामला और गहरा गया। गयाजी पुलिस ने उत्पाद इंस्पेक्टर रामप्रीति कुमार की कथित खास ललिता देवी को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, उत्पाद विभाग ने अभी तक आरोपी इंस्पेक्टर पर कोई कार्रवाई नहीं की है। पुलिस ने 31 लाख रुपये की ठगी के मामले में महिला के साथ-साथ इंस्पेक्टर के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की है।

इंस्पेक्टर के सिर पर ऊपरी संरक्षण?
विभागीय सूत्रों के अनुसार, रामप्रीति कुमार का संरक्षण विभाग के एक पूर्व जॉइंट कमिश्नर स्तर के अधिकारी और वर्तमान में सचिवालय में तैनात एक अधिकारी से प्राप्त था। इसी वजह से विवादों में फंसने के बावजूद उन्हें बार-बार चेक पोस्ट पर तैनाती मिलती रही। पहले भी उनके खिलाफ कई शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। नवादा में एक समान मामला सामने आया था। गया के डोभी चेक पोस्ट पर गड़बड़ी के आरोप में उन्हें निलंबित किया गया था, लेकिन सेटिंग के दम पर निलंबन हटवाकर उसी पोस्टिंग पर वापस लौट आए।

नौकरी के नाम पर 31 लाख की ठगी का खेल
गिरफ्तार महिला ललिता देवी पुलिस की वर्दी पहनकर इलाके में घूमती थी और गिरोह का संचालन करती थी। वह बेरोजगार युवाओं को उत्पाद विभाग में सिपाही की नौकरी दिलाने के नाम पर ठगती थी। इस धंधे में इंस्पेक्टर रामप्रीति कुमार की भी केंद्रीय भूमिका बताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, इंस्पेक्टर सरकारी गाड़ी से महिला के घर आया करते थे। दोनों ने मिलकर 31 लाख रुपये की ठगी की। पीड़ितों ने गयाजी के आईजी को लिखित शिकायत की, जिसके हस्तक्षेप पर मुफस्सिल थाने में केस दर्ज हुआ। इधर, जिलाधिकारी ने आरोपी इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई के आदेश जारी किए हैं।

यह मामला उत्पाद विभाग में भ्रष्टाचार के गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस जांच में और खुलासे होने की उम्मीद है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment