गिरिराज सिंह ने कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद के रोहित शर्मा पर बयान को लेकर साधा निशाना

Giriraj Singh targeted Congress spokesperson Shama Mohammad over her statement on Rohit Sharma

पटना: कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद के भारतीय क्रिकेटर रोहित शर्मा पर दिए गए बयान को लेकर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि दूसरों को कम ज्ञान देना उचित नहीं है और लोगों को अपनी फिटनेस पर ध्यान देना चाहिए।

गिरिराज सिंह ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, “मैं किसी पर टिप्पणी नहीं करूंगा, लेकिन रोहित शर्मा ने क्रिकेट जगत में बहुत बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्हें अच्छी तरह से पता है कि कैसे फिट रहना है। लोग दूसरों पर कम ज्ञान दें और अपनी फिटनेस पर ज्यादा ध्यान दें। वे रोहित शर्मा की फिटनेस की चिंता न करें।”

बिहार के गवर्नर आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात के बारे में गिरिराज सिंह ने कहा, “राज्यपाल से मुलाकात के बाद स्वाभाविक है कि वे सकारात्मक और रचनात्मक सुझाव देते हैं। उन्होंने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को ठीक करने और शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के बारे में अपनी सकारात्मक सोच व्यक्त की। समाज के प्रति उनकी जो चिंता है, उसी पर चर्चा हुई।”

बिहार बजट के बारे में गिरिराज सिंह ने कहा, “पूरे मंत्रिमंडल का मैं धन्यवाद करता हूं। बेगूसराय में कैंसर इंस्टीट्यूट को मान्यता दी गई, जो एक पुरानी मांग थी। अब वहां पर मेडिकल कॉलेज और कैंसर इंस्टीट्यूट होगा।”

इससे पहले, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को विधानसभा में पेश बिहार के बजट 2025-26 पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस बजट में किसानों, उद्यमियों, युवाओं और महिलाओं सहित समाज के हर वर्ग का ध्यान रखा गया है। इस वर्ष बिहार का बजट 3 लाख 17 हजार करोड़ रुपये का है, और राज्य की विकास दर 14.5 प्रतिशत रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “बिहार बजट (2025-26) न्याय के साथ विकास के हमारे संकल्प को और मजबूत करेगा। हमें पूरा विश्वास है कि राज्य सरकार अपने राजकोषीय संसाधनों का समुचित प्रबंधन करते हुए बिहार के आर्थिक विकास को गति देगी। हम सड़कों का चौड़ीकरण करेंगे और युवाओं को रोजगार देने के प्रयास जारी रखेंगे। हम सरकारी नौकरी के साथ-साथ रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए कृतसंकल्पित हैं, और इसके लिए वित्तीय संसाधनों की कमी नहीं होने दी जाएगी। शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि में हुए विकास को आगे बढ़ाने के लिए बजट में विशेष प्रावधान किए गए हैं।”

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment