हजारीबाग: सड़क निर्माण साइट पर हथियारबंद अपराधियों का हमला, कई वाहन जलाए

Hazaribagh: Armed criminals attack road construction site, burn several vehicles

हजारीबाग, झारखंड: बड़कागांव थाना क्षेत्र के जोराकाठ गांव स्थित सड़क निर्माण स्थल पर सोमवार देर रात हथियारबंद अपराधियों ने जबरदस्त हमला कर उत्पात मचाया। अपराधियों ने निर्माण कार्य में लगी दो जेसीबी मशीनें, दो हाइवा ट्रक, एक ग्रेडर, पानी टैंकर और एक जेनरेटर को आग के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार, मां इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी रांची-पटना रोड पर बादम कस्बे से चरही तक सड़क निर्माण कार्य कर रही है। इस कार्य के लिए कंपनी ने जोराकाठ में साइट स्थापित की थी। रात लगभग 11 बजे हथियारों से लैस अपराधियों ने अचानक धावा बोल दिया। उनके डर से साइट पर मौजूद सभी कर्मी भाग खड़े हुए।

हमले के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। अपराधियों के जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह हमला कंपनी से रंगदारी वसूली के इरादे से किया गया।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस घटना के पीछे किसी संगठित आपराधिक गिरोह का हाथ है या किसी उग्रवादी संगठन का। इससे पहले 1 जून को केरेडारी थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने बीजीआर कंपनी के दो वाहनों को फूंक दिया था और कई राउंड फायरिंग की थी, जिसमें एक युवक घायल हो गया था। उस वारदात में टीएसपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी) नामक संगठन का हाथ सामने आया था।

इसी प्रकार 19-20 मार्च की रात को हजारीबाग के सीसीएल न्यू बिरसा परियोजना में भी अपराधियों ने हमला कर एक पेलोडर को जला दिया था, जबकि अन्य मशीनों और वाहनों में तोड़फोड़ की थी। उस दौरान भी फायरिंग कर कर्मचारियों में भय फैलाया गया था और एक कर्मी घायल हुआ था।

पुलिस घटना की जांच में जुटी है और अपराधियों की तलाश जारी है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment