हिसार: हरियाणा के हिसार से पकड़ी गई 33 वर्षीय यूट्यूबर और ट्रैवल ब्लॉगर ज्योति मल्होत्रा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी और संवेदनशील जानकारी साझा करने के आरोप में गिरफ्तार की गई ज्योति का इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया है। इस अकाउंट पर उसके 1.31 लाख से अधिक फॉलोअर्स थे।
हिसार पुलिस ने 17 मई को उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया। पुलिस का कहना है कि केंद्रीय एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर उसे न्यू अग्रसेन कॉलोनी से गिरफ्तार किया गया। ज्योति ने अब तक कई बार पाकिस्तान और एक बार चीन की यात्रा की थी। जांच में यह भी सामने आया कि वह पाकिस्तानी एजेंट एहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश के संपर्क में थी, जिसे हाल ही में भारत से निष्कासित किया गया है।
पुलिस के मुताबिक ज्योति का यूट्यूब चैनल ‘Travel with Jo’ भी काफी लोकप्रिय है, जिसके 3.77 लाख सब्सक्राइबर्स हैं। जांच में पाया गया कि वह व्हाट्सएप, टेलीग्राम और स्नैपचैट जैसे एन्क्रिप्टेड प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल पाकिस्तानी ऑपरेटिव्स से संपर्क के लिए करती थी।
हिसार के एसपी शशांक कुमार सावन ने बताया कि फिलहाल उसके पास सीधे सैन्य या सुरक्षा जानकारी की पहुंच के प्रमाण नहीं मिले हैं, लेकिन चूंकि हिसार एक रणनीतिक क्षेत्र है, इसलिए यहां की सामान्य जानकारी भी दुश्मन देश के लिए अहम हो सकती है।
इसके अलावा, साइबर टीम ज्योति के वीडियो कंटेंट, सोशल मीडिया पोस्ट्स और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसने सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान की सकारात्मक छवि दिखाने और भारत के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश की थी।
फिलहाल, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां ज्योति से जुड़े सभी डिजिटल और फिजिकल साक्ष्यों की जांच में जुटी हैं। मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण इस पर केंद्र की भी नजर बनी हुई है।