आंध्र प्रदेश के कुरनूल में भीषण बस हादसा: 11 की मौत, राहुल गांधी और पीएम मोदी ने जताया शोक

Horrific bus accident in Kurnool, Andhra Pradesh: 11 killed, Rahul Gandhi and PM Modi express condolences

नई दिल्ली/कुरनूल: आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में हैदराबाद-बेंगलुरु हाईवे पर चल रही एक निजी बस में अचानक आग लगने से कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। हादसे के समय बस में करीब 40 लोग सवार थे। आग इतनी भीषण थी कि बस पूरी तरह जलकर राख हो गई।

घटना चिन्नाटेकुर गांव के पास हुई। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग ने तत्काल राहत व बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

इस भीषण दुर्घटना पर पूरे देश में शोक की लहर है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शोक जताते हुए लिखा,
“आंध्र प्रदेश के कुरनूल में बस में आग लगने की घटना बेहद दुखद और पीड़ादायक है। इस त्रासदी में जान गंवाने वाले यात्रियों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

उन्होंने यह भी कहा कि, “बार-बार हो रही ऐसी दुर्घटनाएं हमारे सार्वजनिक परिवहन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाती हैं। यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। वाहनों के रखरखाव और हादसों की जवाबदेही तय करना अब अनिवार्य है।”

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता डी.के. शिवकुमार ने भी ‘एक्स’ पर लिखा,
“कुरनूल के पास बस में लगी भीषण आग से मैं बेहद स्तब्ध और दुखी हूं। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। हम सभी प्रभावित लोगों के साथ हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।”

इससे पहले, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। प्रधानमंत्री मोदी ने राहत कोष से मृतकों के परिजनों को ₹2-2 लाख रुपए और घायलों को ₹50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग संभवतः शॉर्ट सर्किट या इंजन ओवरहीट होने से लगी। अधिकारियों ने कहा है कि घटना की विस्तृत जांच के बाद ही सटीक कारणों का पता चल सकेगा।

👉 यह हादसा एक बार फिर से सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment