पश्चिमी चंपारण/लौरिया(चौथी वाणी)
पश्चिमी चंपारण जिले के लौरिया प्रखंड क्षेत्र में गोबरौरा पंचायत स्थित मटियरिया बंगाली कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
मृतक की पहचान स्वर्गीय अमूल चंद नामोदास के 35 वर्षीय पुत्र अमित कुमार नामोदास के रूप में हुई है। घटना शनिवार की रात की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया।
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी पत्नी ने खुलासा किया कि उसने पहले पति को खाने में नींद की गोली मिलाकर खिला दी। पति के गहरी नींद में चले जाने के बाद उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
परिजनों के अनुसार पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद और मारपीट की स्थिति बनी रहती थी। करीब चार माह पूर्व बगहा पुलिस जिला के सेमरा कॉलोनी से महिला के मायके पक्ष के लोग आकर दोनों के बीच समझौता कराए थे। बावजूद इसके संबंधों में सुधार नहीं हो सका। मृतक की शादी करीब नौ वर्ष पूर्व हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं—एक सात वर्षीय पुत्र और चार वर्षीय पुत्री। बताया जाता है कि मृतक की एक आंख की रोशनी भी कमजोर थी।
थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में रखकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल है।