झगड़ा सुलझाने पहुंचे मुखिया पति पर चाकू से हमला..

Husband of Village Head Attacked with Knife While Attempting to Resolve Dispute

गंभीर हालत में जीएमसीएच बेतिया रेफर, पुलिस ने शुरू की जांच

बेतिया(लौरिया) ब्यूरो। प्रखंड के बगही बसवरिया गांव में आपसी विवाद के दौरान झगड़ा शांत कराने पहुंचे पंचायत की मुखिया के पति पर चाकू से हमला कर दिया गया। इस घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल की पहचान गांव की मुखिया नासरीन परवीन के पति इन्तखाब अहमद उर्फ गोलू के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव में गोलू मुखिया के पट्टीदार मोती मास्टर के पुत्र और गोलू के चाचा छोटक आलम के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़कर मारपीट में बदल गई। इसी दौरान विवाद को शांत कराने के उद्देश्य से इन्तखाब अहमद उर्फ गोलू मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इसी बीच रिकु आलम ने अचानक चाकू निकालकर उन पर हमला कर दिया। हमले में गोलू मुखिया गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजनों व ग्रामीणों ने घायल को तत्काल लौरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रौशन ने प्राथमिक उपचार किया। स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया।
इस दौरान झगड़ा छुड़ाने पहुंचे गोलू के चाचा छोटक आलम तथा मो. तेजुद्दीन (पिता मो. आसिफ) भी मारपीट में घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही स्थानीय की पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले से संबंधित जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू कर दी। प्रभारी थानाध्यक्ष प्रियंका रंजन ने बताया कि घटना की सूचना के बाद पुलिस टीम को सक्रिय कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment