हाजीपुर (वैशाली), 01 अक्टूबर 2025। राजधानी पटना के बाद अब वैशाली जिले के हाजीपुर में भी ‘आई लव मोहम्मद’ पोस्टर विवाद सामने आया है। हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र के जढुआ टोले स्थित मंगली अखाड़ा मोहल्ले में कई घरों और मदरसे की दीवारों पर इस तरह के पोस्टर लगाए गए, जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
सूचना मिलते ही एसडीएम सदर और एसडीपीओ सुबोध कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। जांच में पता चला है कि लगभग 30 से अधिक घरों पर ये पोस्टर चस्पा किए गए थे। पुलिस के अनुसार, यह कृत्य “अशांति फैलाने और साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की मंशा” से किया गया था।
पुलिस ने जिन घरों पर पोस्टर लगाए गए थे, वहां पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही कुछ सीसीटीवी फुटेज भी बरामद हुए हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच की जा रही है। गिरफ्तार युवक से पूछताछ जारी है।
वहीं, इस घटना को लेकर हिंदू संगठनों ने आक्रोश जताया है और पोस्टर लगाने वालों की कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पूरे इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस कैंप कर रही है।