पंचायत समिति की बैठक में विकास योजनाओं पर मंथन, कई प्रस्ताव पारित

In the meeting of Panchayat Samiti, development plans were discussed and many proposals were passed

संझौली संवाददाता (चौथी वाणी)। प्रखंड कार्यालय स्थित सभागार में शुक्रवार को प्रखंड प्रमुख समीरचंद की अध्यक्षता में पंचायत समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक का संचालन बीडीओ प्रभा कुमार ने किया।
बैठक में सभी पंचायतों के मुखिया, बीडीसी सदस्य एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड की सुविधा, चपाकल मरम्मती, उर्वरक वितरण, धान अधिप्राप्ति तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जैसी जमीनी समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।
मझौली पंचायत के कर्मा गांव में हाई वोल्टेज 11 केवी तार की मरम्मति की मांग भी प्रमुखता से उठी। अधिकारियों ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
षष्ठम वित्त आयोग के तहत 2025-26 में प्रस्तावित योजनाओं को संचालित करने हेतु बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में मुख्य रूप से सीओ किशोर पासवान, बीपीआरओ श्वेता कुमारी, सीडीपीओ भलेरिया टोपो, बीएसओ दीपक कुमार दीपांकर, एमओ राहुल कुमार, उपप्रमुख इंद्रासनी देवी, बीड़ीसी सदस्य नरेंद्र कुमार उर्फ मंटू सिंह, अरुण कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment