पटना: मुजफ्फरपुर मध निषेध थाना की पुलिस होली के दौरान अवैध शराब की बिक्री और नकली शराब फैक्ट्री के खिलाफ जिले में विशेष अभियान चला रही है। इस कड़ी में मध निषेध थाना ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के छह थाना क्षेत्रों से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब, कलरिंग केमिकल, स्पिरिट, नकली रैपर, बोतल के ढक्कन सहित एक महिला और सात पुरुष कारोबारियों को गिरफ्तार किया।
मध निषेध थाने के अध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने बताया कि होली के मौके पर प्रतिबंधित शराब और नकली शराब बनाने की बड़ी तैयारी की सूचना मिलने के बाद जिले के सरैया, काँटी, कुढ़नी, सकरा, पारु और मिठनपुरा थाना क्षेत्रों में अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस ने 223.62 लीटर शराब, 28 लीटर स्पिरिट, नकली शराब बनाने में इस्तेमाल किए जाने वाले कलरिंग केमिकल, रैपर और अन्य सामग्री बरामद की।
पुलिस ने 22 लीटर पैकेट वाली स्पिरिट और 6 लीटर स्पिरिट भी बरामद की। इसके अलावा, काँटी से एक महिला कारोबारी सहित सात अवैध कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया। पारु थाना क्षेत्र में रामबाबू चौधरी नामक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया, जो अपने घर में स्पिरिट का निर्माण कर रहा था।
प्रदेश में अवैध शराब की खरीद-बिक्री पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और पुलिस लगातार इस मामले में कार्रवाई कर रही है। होली के चलते तस्करों और कारोबारियों की गतिविधियां बढ़ गई हैं, और पिछले कुछ दिनों में कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। पुलिस ने इन मामलों में लगातार कार्रवाई और छापेमारी की है, लेकिन प्रशासन को इन अवैध शराब तस्करों और कारोबारियों के सफाए के लिए और अधिक मुस्तैदी दिखानी होगी।