नई दिल्ली: भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर एक बड़ी और उत्साहजनक खबर सामने आई है। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की ताजा ‘वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक’ रिपोर्ट के अनुसार, भारत अब जापान को पीछे छोड़कर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। यह उपलब्धि भारत की निरंतर मजबूत होती आर्थिक स्थिति और वैश्विक मंच पर उसकी बढ़ती ताकत को दर्शाती है।
रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि 2025 में भारत की नॉमिनल जीडीपी बढ़कर 4187.017 अरब डॉलर हो जाएगी, जबकि जापान की जीडीपी इसी वर्ष 4186.431 अरब डॉलर रहने का अनुमान है। इस तरह, भारत अब केवल अमेरिका, चीन और जर्मनी से पीछे है।
आईएमएफ का यह भी मानना है कि यदि मौजूदा रफ्तार बनी रही, तो भारत 2028 तक जर्मनी को भी पीछे छोड़ सकता है, जिससे वह दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। रिपोर्ट के अनुसार, 2027 तक भारत की अर्थव्यवस्था का आकार लगभग 5,069.47 अरब डॉलर हो सकता है, जो 2028 तक बढ़कर 5,584.476 अरब डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है। वहीं, जर्मनी की जीडीपी उसी अवधि में 5,251.928 अरब डॉलर रहने की संभावना है।
आईएमएफ के ताजा अनुमान के मुताबिक, 2025 में भारत की जीडीपी ग्रोथ रेट 6.2% रह सकती है। हालांकि, जनवरी 2025 की रिपोर्ट में यह अनुमान 6.5% लगाया गया था। इसके बावजूद भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था में सबसे तेज़ी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था बना हुआ है।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि भले ही वैश्विक स्तर पर ‘ट्रंप टैरिफ’ जैसे नीतिगत बदलावों का असर पड़ा हो, लेकिन भारत की अर्थव्यवस्था पर इसका अपेक्षाकृत कम प्रभाव पड़ा है। आईएमएफ का कहना है कि अगले दो वर्षों तक भारत 6% से अधिक की वृद्धि दर बनाए रखने वाला दुनिया का एकमात्र देश होगा।
आईएमएफ की मुख्य अर्थशास्त्री गीता गोपीनाथ ने कहा, “हमारे अप्रैल 2025 के आउटलुक में वैश्विक ग्रोथ का अनुमान 2.8% है, जिसमें दुनिया के 127 देशों की वृद्धि दर में गिरावट शामिल है। ये देश ग्लोबल जीडीपी का 86% हिस्सा रखते हैं।” इसके बीच भी भारत की मजबूती दुनिया भर के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है।