इंदौर : हनीमून बना साजिश का बहाना, पत्नी ने प्रेमी संग रची राजा रघुवंशी की हत्या की खौफनाक योजना

Indore: Honeymoon became an excuse for conspiracy, wife along with her lover hatched a horrifying plan to murder Raja Raghuvanshi

इंदौर: इंदौर निवासी राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में हर रोज नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। मेघालय के शिलांग में हनीमून मनाने गए राजा की हत्या की साजिश उसकी पत्नी सोनम रघुवंशी ने अपने प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर रची थी। यह खौफनाक वारदात इंदौर से करीब 2000 किलोमीटर दूर अंजाम दी गई।

रिश्ता तय होते ही रची गई हत्या की योजना
जानकारी के अनुसार, राजा और सोनम की मुलाकात ‘रघुवंशी एप’ के माध्यम से हुई थी। दोनों का रोका 11 फरवरी को हुआ था, और तभी सोनम ने अपने प्रेमी राज के साथ मिलकर राजा को रास्ते से हटाने की योजना बना ली थी। सोनम ने प्रेमी से वादा किया था कि शादी के बाद वह राजा की हत्या करवा देगी और फिर दोनों शादी करेंगे।

शादी के छह दिन बाद हुआ हत्या का क्रूर खेल
राजा और सोनम की शादी 11 मई को हुई थी। महज छह दिन बाद, 16 मई को दोनों ने हत्या की योजना को अंतिम रूप दे दिया। सोनम ने राजा को हनीमून के लिए शिलांग ले जाने के लिए तैयार किया और पहले से ही तीन सुपारी किलरों को असम के गुवाहाटी में तैनात कर दिया गया।

ऑनलाइन ऑर्डर की गई हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी
सूत्रों के मुताबिक, हत्यारों ने गुवाहाटी में ही ऑनलाइन एक छोटी कुल्हाड़ी (डाव) ऑर्डर की थी, जिसे बाद में हत्या के लिए इस्तेमाल किया गया। शिलांग पहुंचने के बाद सोनम ने अपनी लोकेशन हत्यारों को भेज दी। तीनों आरोपी शिलांग में एक किलोमीटर दूर स्थित होटल में ठहरे हुए थे।

फोटोशूट के बहाने पति को ले गई पहाड़ी पर
23 मई को सोनम ने फोटोशूट का बहाना बनाकर राजा को कोरसा इलाके की एक पहाड़ी पर ले गई। वहां उसने थकान का नाटक किया और राजा को आगे भेज दिया। तीनों आरोपी पीछे से आए। पहले तो वे हिचकिचाए, लेकिन सोनम ने राजा के पर्स से ₹15,000 निकालकर उन्हें दिए और हत्या के लिए उकसाया। साथ ही ₹20 लाख का लालच भी दिया।

CCTV फुटेज और कॉल रिकॉर्ड्स से खुला राज
पुलिस को एक CCTV फुटेज हाथ लगी, जिसमें सोनम घटना से ठीक पहले किसी से फोन पर बातचीत करते हुए दिखी। कॉल डिटेल्स से पुलिस को हत्यारों की पहचान और उनकी लोकेशन इंदौर में मिली। इसके बाद पुलिस तेजी से हरकत में आई।

हत्या के बाद भागने की तैयारी में थी सोनम
हत्या के बाद सोनम ने अपना फोन तोड़ दिया और आरोपी ट्रेन से वापस लौट गए। सोनम अकेली शिलांग से वाराणसी और फिर गाजीपुर पहुंची। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह नेपाल भागने की फिराक में थी। लेकिन जब उसे पता चला कि प्रेमी समेत सभी आरोपी पकड़े जा चुके हैं, तो उसने गाजीपुर में आत्मसमर्पण कर दिया।

यह दिल दहला देने वाला मामला अब देशभर में चर्चा का विषय बन गया है, जिसमें प्यार, धोखा और हत्या की साजिश ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment