पटना: पटना के चर्चित और बदनाम बिल्डर प्रभात कुमार उर्फ़ उदय सम्राट को पुलिस ने झारखंड की राजधानी रांची से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर फ्लैट दिलाने के नाम पर ठगी करने और ग्राहकों से मोटी रकम लेकर प्रोजेक्ट अधूरा छोड़ने का गंभीर आरोप है।
दानापुर के एएसपी भानुप्रताप सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस में जानकारी दी कि प्रभात सम्राट पटना जिले के टॉप-10 बिल्डर-माफिया की सूची में शामिल है। उसके खिलाफ 29 मार्च को रूपसपुर थाना में एक महिला ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें उसने फ्लैट बुकिंग के नाम पर धोखाधड़ी की बात कही थी।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पटना के निर्देश पर एक विशेष टीम बनाई गई, जिसकी अगुवाई दानापुर के एएसपी कर रहे थे। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को रांची से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त प्रभात कुमार ‘पाटलिग्राम बिल्डर प्राइवेट लिमिटेड’ नामक कंपनी का संचालक है। वह इस कंपनी के माध्यम से ग्राहकों से फ्लैट या जमीन देने के नाम पर अग्रिम भुगतान लेता था, लेकिन न तो प्रोजेक्ट समय पर पूरा करता था और न ही पैसे लौटाता था।
पुलिस के मुताबिक, प्रभात कुमार के खिलाफ अब तक 25 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें पटना, औरंगाबाद, शिवहर सहित कई जिलों में केस दर्ज हैं। इसके अलावा CBI और ED जैसी केंद्रीय एजेंसियों ने भी उस पर मुकदमे दर्ज किए हैं।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ठगी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि जल्द ही इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।