भारतीय रेलवे की टिकटिंग और कैटरिंग सेवाओं को संभालने वाली कंपनी IRCTC ने दिसंबर तिमाही (Q3 FY25) के वित्तीय परिणामों की घोषणा की है। कंपनी का कंसोलिडेटेड मुनाफा 13.7% बढ़कर 341 करोड़ रुपये हो गया है, जो पिछले साल की समान तिमाही में 300 करोड़ रुपये था। वहीं, कुल आय भी 10% बढ़कर 1,224.7 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
रेल नीर से 96 करोड़ की कमाई, 12 साल से कीमत स्थिर
IRCTC की ब्रांडेड पानी की बोतल Rail Neer की मांग लगातार बनी हुई है। इस तिमाही में कंपनी ने Rail Neer से 96.35 करोड़ रुपये की कमाई की, जो पिछले साल की समान अवधि में 84.76 करोड़ रुपये थी। वहीं, पूरे 9 महीने (अप्रैल-दिसंबर 2024) में यह आंकड़ा 298 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। खास बात यह है कि 2012 के बाद से Rail Neer की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ, बावजूद इसके कंपनी की कमाई लगातार बढ़ रही है।
शेयरधारकों को मिलेगा डिविडेंड
IRCTC ने अपने निवेशकों के लिए एक और खुशखबरी दी है। कंपनी ने 3 रुपये प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड की घोषणा की है, जो फेस वैल्यू का 150% है। इस डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट 20 फरवरी 2025 तय की गई है।
बाजार में IRCTC के शेयर का प्रदर्शन
Q3 नतीजे जारी होने के बाद 12 फरवरी को IRCTC का शेयर 0.8% की बढ़त के साथ 757.40 रुपये पर बंद हुआ। इंट्राडे में यह 722.05 रुपये के निचले स्तर तक गया, लेकिन रिकवरी के साथ 765.70 रुपये तक पहुंचने में सफल रहा। कंपनी का 52 हफ्तों का उच्चतम स्तर 1,138.90 रुपये और निचला स्तर 722.05 रुपये दर्ज किया गया है।
Rail Neer: सरकारी और प्राइवेट मॉडल का फॉर्मूला
Rail Neer के बिजनेस मॉडल में रेलवे बोर्ड ने पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) प्लांट्स के लिए 40:60 का मुनाफा शेयरिंग रेश्यो तय किया है, जबकि डिपार्टमेंटल प्लांट्स के लिए यह रेश्यो 15:85 रखा गया है। IRCTC का यह बिजनेस मॉडल स्थिर कीमतों के बावजूद मुनाफे में बढ़ोतरी करने में कारगर साबित हो रहा है।
Rail Neer की बढ़ती लोकप्रियता
Rail Neer की सफलता इस बात का प्रमाण है कि ब्रांड वैल्यू और क्वालिटी बनाए रखना कीमतों में बदलाव से ज्यादा महत्वपूर्ण है। 12 साल से बिना किसी मूल्य वृद्धि के भी यह ब्रांड यात्रियों के बीच लोकप्रिय बना हुआ है और लगातार IRCTC को मुनाफा कमा कर दे रहा है।