होली और जुमे के दिन के कारण इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया ने नमाज का समय बदला

Islamic Center of India changed the time of Namaz due to Holi and Friday

नई दिल्ली: इस बार हिंदुओं का प्रमुख त्योहार होली जुमे के दिन, 14 मार्च को पड़ रहा है, जिसके चलते इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया ने जुमे की नमाज का समय बदलने का निर्णय लिया है। अब जुमे की नमाज दोपहर 2 बजे के बाद अदा की जाएगी। इस संबंध में इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया ने एक एडवाइजरी भी जारी की है, जिसमें कहा गया है कि होली के कारण जुमे की नमाज का समय आगे बढ़ाया जा रहा है।

इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया ने मुसलमानों से अपील की है कि वे 14 मार्च को दोपहर 2 बजे के बाद जुमे की नमाज अदा करें। अधिकारियों ने बताया कि यह बदलाव होली के त्योहार को ध्यान में रखते हुए किया गया है, ताकि मुसलमानों को अपने धार्मिक अनुष्ठानों में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

टाइमिंग बढ़ाने को लेकर जारी की गई एडवाइजरी
मौलाना राशिद फिरंगी महली ने कहा, “14 मार्च को होली का त्योहार और रमजान का दूसरा जुमे का दिन एक साथ है। इस कारण इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया ने नमाज के समय को बढ़ाने के लिए एडवाइजरी जारी की है।” उन्होंने यह भी बताया कि हिंदू भाई-बहनों ने भी कई स्थानों पर होली की बरात की टाइमिंग में बदलाव किया है।

मौलाना ने उम्मीद जताई कि दोनों समुदाय अपने-अपने त्योहारों को शांतिपूर्वक और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाएंगे और किसी प्रकार की अफवाहों से बचेंगे।

नमाज का समय बढ़ा कर एक घंटा किया गया
इससे पहले, मौलाना राशिद फिरंगी महली ने यह भी बताया कि इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया ने सभी मस्जिद कमेटियों से अपील की है कि वे 14 मार्च को जुमे की नमाज का समय एक घंटा बढ़ा दें, ताकि नमाजियों को कोई परेशानी न हो और होली के पर्व के दौरान दोनों समुदायों के बीच सौहार्द बना रहे।

अपने घर पर ही अदा करें नमाज
मौलाना ने यह भी कहा कि होली के दिन सभी को छुट्टी रहेगी, और इस अवसर पर मुसलमानों को सलाह दी गई है कि वे अपने घर पर रहकर ही नमाज अदा करें, ताकि किसी को भी परेशानी न हो और शांति-व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने इस दिन किसी भी प्रकार के खलल से बचने की अपील की और उम्मीद जताई कि सभी मुसलमान इन निर्देशों का पालन करेंगे।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment