जदयू की विधानसभा स्तरीय बैठक: संगठन की मजबूती पर जोर

JDU's Vidhan Sabha level meeting: Emphasis on strengthening the organization

सुगौली, पू. च.: जदयू पार्टी की संगठन विस्तार को लेकर गुरुवार को पार्टी कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष अरविंद कुशवाहा ने की। बैठक में सुगौली और रामगढ़वा ब्लॉक के दोनों प्रखंड अध्यक्ष और सुगौली के 16 पंचायतों के पंचायत अध्यक्ष एवं नगर अध्यक्ष ने हिस्सा लिया। बैठक में पंचायत स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा की गई।

चर्चा के दौरान, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष ब्रजेश पटेल ने पंचायतों में संगठन की कमजोर स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि 2025 में विधानसभा चुनाव हैं, और पार्टी का संगठन मजबूत करने के लिए इस समय से तैयारी करनी होगी। उन्होंने पंचायत और बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती को लेकर अपने विचार साझा किए।

पार्टी के वरीय कार्यकर्ता कबीर पटेल ने लोकल प्रत्याशी देने की मांग की। सुगौली विधानसभा क्षेत्र से भावी जदयू प्रत्याशी सुनील कुमार सिंह ने संगठन के बारे में चर्चा करते हुए बताया कि 2012 से लगातार पार्टी हित में सुगौली विधानसभा क्षेत्र में उनकी उपस्थिति रही है। हालांकि, 2020 में उन्हें नरकटिया विधानसभा क्षेत्र का पर्यवेक्षक बनाया गया था, जहां उन्होंने पूरी ईमानदारी से काम किया, लेकिन दुर्भाग्यवश पार्टी के प्रत्याशी जीत नहीं सके। उन्होंने कहा कि अब उन्हें पुनः 2014 से सुगौली विधानसभा की जिम्मेदारी मिली है और वे पार्टी हित में काम कर रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप सभी पंचायतों में संगठन मजबूत हुआ है।

बैठक में पहुंचे प्रदेश से प्रतिनियुक्त जिला प्रभारी सुबोध कुमार सिंह ने उपस्थित नेताओं से विचार प्राप्त किए और फिर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी एक ही व्यक्ति को टिकट देगी, लेकिन सभी को पार्टी के सिद्धांतों के आधार पर एकजुट होकर चुनावी उम्मीदवार के पक्ष में काम करना होगा।

बैठक में जय प्रकाश रस्तोगी, कबीर पटेल, मो साबिर, अजय साहू, रणजीत कुमार ओझा, विजय साहू, नरेश पटेल, बबलू साह सहित अन्य नेताओं ने संगठन की मजबूती पर जोर दिया और कहा कि किसी भी पार्टी की जीत उसके मजबूत संगठन पर निर्भर करती है। सभी नेताओं ने पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए अपने विचार व्यक्त किए।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment