नई दिल्ली: तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व आईपीएस अधिकारी के. अन्नामलाई ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) से इस्तीफा दे दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने नई दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। अन्नामलाई के इस फैसले ने तमिलनाडु की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
क्या विजय की राजनीति बनी वजह?
रिपोर्ट्स के अनुसार, अन्नामलाई का मानना है कि अभिनेता और तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) प्रमुख थलापति विजय के राजनीति में सक्रिय होने के बाद तमिलनाडु का राजनीतिक परिदृश्य तेजी से बदल गया है। सूत्रों के मुताबिक, उनका मानना है कि अब राज्य की राजनीति में पारंपरिक द्रविड़ राजनीति का प्रभाव कम हो रहा है और केवल भाषा आधारित मुद्दों पर राजनीति करना प्रभावी नहीं रहेगा।
नई राजनीतिक राह की अटकलें
सूत्रों का कहना है कि अन्नामलाई जल्द ही एक जनआंदोलन शुरू कर सकते हैं। राजनीतिक गलियारों में इस बात की भी चर्चा है कि भविष्य में यह जनआंदोलन किसी नए राजनीतिक दल का रूप ले सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
दो दिन में स्थिति स्पष्ट करने की कही थी बात
गौरतलब है कि अन्नामलाई ने सोमवार को कहा था कि वह अगले दो दिनों में अपनी राजनीतिक स्थिति को लेकर स्पष्टता देंगे। उनके इस बयान के बाद से ही पार्टी से नाराजगी और नए राजनीतिक संगठन के गठन की अटकलें तेज हो गई थीं। अब उनके इस्तीफे के बाद तमिलनाडु की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना जताई जा रही है।