राम मंदिर निर्माण में कामेश्वर चौपाल का ऐतिहासिक योगदान, निधन पर शोक

Kameshwar Chaupal's historic contribution in the construction of Ram Mandir, condolence on his demise

अयोध्या: अयोध्या में भव्य राम मंदिर अब तैयार हो चुका है, और रामलला की विराजमान होने को भी एक साल से ज्यादा समय हो चुका है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि राम मंदिर के निर्माण की पहली ईंट किसने रखी थी? वह थे विश्व हिंदू परिषद (VHP) के नेता कामेश्वर चौपाल, जिन्होंने 9 नवंबर 1989 को राम मंदिर के निर्माण के लिए पहली ईंट रखी थी। शुक्रवार को लंबी बीमारी के बाद उनका निधन हो गया।

कामेश्वर चौपाल का निधन दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में हुआ। संघ ने उन्हें ‘प्रथम कारसेवक’ का दर्जा भी दिया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करते हुए कहा, “भाजपा के वरिष्ठ नेता और राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी कामेश्वर चौपाल जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। वह एक अनन्य रामभक्त थे, जिन्होंने अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण में बहुमूल्य योगदान दिया। दलित पृष्ठभूमि से आने वाले कामेश्वर जी समाज के वंचित समुदायों के कल्याण के कार्यों के लिए भी हमेशा याद किए जाएंगे। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और समर्थकों के साथ हैं।”

योगी आदित्यनाथ ने दी श्रद्धांजलि
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा, “विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय उपाध्यक्ष, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के सदस्य और 9 नवंबर 1989 को आयोजित ऐतिहासिक शिलान्यास समारोह में पूज्य संत गण की उपस्थिति में श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण की प्रथम शिला रखने वाले परम राम भक्त श्री कामेश्वर चौपाल जी का निधन अत्यंत दुःखद है। उनका पूरा जीवन धार्मिक और सामाजिक कार्यों में समर्पित रहा। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ओम शांति!”

लंबी बीमारी के बाद हुआ निधन
राम मंदिर निर्माण के लिए महत्वपूर्ण योगदान देने वाले चौपाल लंबे समय से गुर्दे की बीमारी से पीड़ित थे। ट्रस्ट के अनुसार, उन्होंने 9 नवंबर 1989 को अयोध्या में राम मंदिर के प्रथम शिलान्यास समारोह में पहली ईंट रखी थी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने उन्हें ‘प्रथम कारसेवक’ की उपाधि से सम्मानित किया था।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment