बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को एक बड़ा झटका लगा है। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रविशंकर सिंह अशोक ने अपने पद और पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उनके साथ कई समर्थकों ने भी पार्टी को अलविदा कह दिया।
सोमवार को लखीसराय नगर परिषद क्षेत्र के दशरथ नंदन कॉम्प्लेक्स में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में रविशंकर सिंह ने अपने इस्तीफे की घोषणा की। उन्होंने बताया कि वह बीते पांच वर्षों से पार्टी के लिए एक सच्चे सिपाही की तरह कार्य कर रहे थे और विशेष रूप से सूर्यगढ़ा विधानसभा क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने का प्रयास किया।
रविशंकर सिंह ने कहा, “मैंने पूरी निष्ठा से काम किया, लेकिन यह देखकर दुख हुआ कि पार्टी मेरे काम से संतुष्ट नहीं थी। इसलिए मैंने स्वेच्छा से अपने पद और सदस्यता से इस्तीफा देने का निर्णय लिया।” उन्होंने यह भी बताया कि इस्तीफे का पत्र लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी को भेज दिया गया है।
इसके साथ ही रविशंकर सिंह ने यह भी ऐलान किया कि वह 17 अक्टूबर को सूर्यगढ़ा विधानसभा सीट से नामांकन दाखिल करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि कोई पार्टी उन्हें टिकट देती है, तो यह उनके लिए सम्मान की बात होगी, अन्यथा वे निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरेंगे।
उनकी स्थानीय लोकप्रियता और संगठनात्मक पकड़ को देखते हुए यह इस्तीफा लोजपा (रामविलास) के लिए एक बड़ा नुकसान माना जा रहा है।