मैहर: मध्यप्रदेश के मैहर जिले में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। शुक्रवार सुबह प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का पुतला जलाने के दौरान उसे रोकने पहुंचे ट्रैफिक टीआई विक्रम सिंह पाठक अचानक आग की चपेट में आ गए। इस दौरान जब पुलिसकर्मी उन्हें बचाने में जुटे थे, तब कुछ प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते रहे। हादसे में टीआई कमर और पीठ के पास से गंभीर रूप से झुलस गए हैं। उन्हें मैहर सिविल अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
पेट्रोल डालकर पुतला जलाने से भड़की आग
जानकारी के मुताबिक, एक दिन पहले विधानसभा में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को लेकर ‘औकात’ में रहने जैसी टिप्पणी की थी। इसी बयान के विरोध में शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे कांग्रेस जिलाध्यक्ष धर्मेश घई के नेतृत्व में प्रदर्शन किया जा रहा था।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुतले पर पेट्रोल जैसा ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। स्थिति बिगड़ती देख टीआई विक्रम सिंह पाठक ने हस्तक्षेप कर आग बुझाने और पुतला हटाने की कोशिश की। इसी दौरान आग अचानक भड़क उठी और उनकी वर्दी ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते वे लपटों से घिर गए, जिससे उनकी कमर, पीठ, जांघ और हाथ का हिस्सा बुरी तरह झुलस गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आईसीयू में रखा गया है और जरूरत पड़ने पर जिला अस्पताल या जबलपुर रेफर किए जाने की संभावना है।
जांच के आदेश, सख्त कार्रवाई की चेतावनी
घटना की सूचना मिलते ही मैहर कलेक्टर रानी बाटड़ और पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।
कलेक्टर रानी बाटड़ ने कहा है कि घटना की विस्तृत जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थानों पर पेट्रोल जैसे ज्वलनशील पदार्थों का इस्तेमाल बेहद खतरनाक है और इससे किसी की भी जान जा सकती है। पुलिस ने वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जिम्मेदार लोगों की पहचान की जा रही है।