समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन नार्कोस के तहत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पटना से मिली गुप्त सूचना के आधार पर प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर विशेष छापेमारी की गई, जिसमें एक महिला सहित दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से करीब 8 किलो अफीम बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 48 लाख रुपये बताई जा रही है।
इस ऑपरेशन का नेतृत्व आरपीएफ प्रभारी साकेत कुमार ने किया, जबकि टीम में एनसीबी के इंटेलिजेंस ऑफिसर राकेश कुमार, सहायक उप निरीक्षक चंद्रशेखर कुमार और महिला आरक्षी कुमारी सोनिया शामिल रहीं। मुखबिर की सटीक सूचना पर गाड़ी संख्या 15211 के जनरल कोच में सवार दो संदिग्धों को पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों ने अफीम तस्करी की बात स्वीकार की।
तलाशी के दौरान उनके पास से एक पिट्ठू बैग में छिपाकर रखी गई अफीम बरामद की गई। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि दोनों आरोपी अफीम की खेप को अन्य शहरों में सप्लाई करने की योजना बना रहे थे।
आरपीएफ और एनसीबी अब तस्करी नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है ताकि इसके पीछे सक्रिय अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके। बरामद अफीम को जब्त कर विधि सम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
आरपीएफ प्रभारी साकेत कुमार ने आम लोगों से अपील की है कि रेलवे परिसर में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना सुरक्षा बल को दें। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी तरह की ढील नहीं दी जाएगी।