राज्य सरकार की बड़ी सौगात: बिहार में गन्ना मूल्य 15–20 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ा, किसानों को मिलेगा सीधा लाभ

Major gift from the state government: Sugarcane price increased by Rs. 15-20 per quintal in Bihar, farmers to receive direct benefit.

नए वर्ष में बिहार सरकार ने गन्ना किसानों को बड़ी राहत देते हुए गन्ना मूल्य में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को उनके कार्यालय कक्ष में आयोजित बैठक में राज्य के सभी चीनी मिल मालिकों की सहमति से गन्ना मूल्य 15 से 20 रुपये प्रति क्विंटल तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया। यह बढ़ी हुई दरें पेराई सत्र 2025–26 से लागू होंगी।

बैठक में अपर मुख्य सचिव सेंथिल कुमार, ईख आयुक्त अनिल कुमार झा, संयुक्त ईख आयुक्त जय प्रकाश नारायण सिंह सहित राज्य के सभी चीनी मिलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

किसानों के हित में सरकार का फैसला
गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की उन्नति के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में नई सरकार के गठन के बाद से ही किसानों के हित में लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि गन्ना किसानों की लंबे समय से मूल्य बढ़ाने की मांग को लेकर चीनी मिल मालिकों के साथ लगातार बैठकें की गईं और तीसरी बैठक में सहमति बन सकी।

गन्ना मूल्य में कितनी बढ़ोतरी?
मंत्री ने बताया कि पहले उत्तम प्रभेद के गन्ने का मूल्य 365 रुपये प्रति क्विंटल था, जिसमें अब 15 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। वहीं सामान्य प्रभेद के गन्ने का मूल्य 345 रुपये से बढ़ाकर 360 रुपये और निम्न प्रभेद के गन्ने का मूल्य 310 रुपये से बढ़ाकर 330 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा के दौरान घोषित सभी श्रेणियों के गन्ने पर 10 रुपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त भुगतान की योजना भी पहले की तरह जारी रहेगी।

अब किसानों को मिलेगा इतना भुगतान
गन्ना मूल्य में हुई इस बढ़ोतरी के बाद किसानों को—

  • उत्तम प्रभेद के गन्ने के लिए 390 रुपये प्रति क्विंटल,
  • सामान्य प्रभेद के लिए 370 रुपये प्रति क्विंटल,
  • निम्न प्रभेद के लिए 340 रुपये प्रति क्विंटल

की दर से भुगतान किया जाएगा।

सरकार के इस फैसले को गन्ना किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment